पढ़ाई के लिए परीक्षा देने कॉलेज पहुंचे एक छात्र को शायद अंदाजा भी नहीं था कि उसे पुरानी रंजिश का शिकार होना पड़ेगा।
बांदा: पढ़ाई के लिए परीक्षा देने कॉलेज पहुंचे एक छात्र को शायद अंदाजा भी नहीं था कि उसे पुरानी रंजिश का शिकार होना पड़ेगा। पैलानी थाना क्षेत्र के खप्टिहाकलां गांव के रहने वाले छात्र पर कथित तौर पर गांव के ही दो युवकों ने हमला कर दिया। मारपीट के दौरान कटर से वार कर उसे घायल कर दिया गया। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
परीक्षा देने कॉलेज पहुंचा था छात्र
पुलिस के अनुसार, बुधवार को घायल छात्र के भाई रामबाबू ने पैलानी थाने में तहरीर देकर बताया कि उसका भाई रणछोड़दास इंटर कॉलेज में परीक्षा देने गया था। इसी दौरान गांव के ही शिवम और प्रयांशु ने आपसी रंजिश के चलते उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और कटर से हमला कर घायल कर दिया।
कटर के साथ दोनों आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कीं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों नामजद आरोपियों शिवम पुत्र दीपू और प्रयांशु पुत्र राजू को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया कटर भी बरामद हुआ है।
24 घंटे में पुलिस की कार्रवाई, न्यायालय में पेश किए गए आरोपी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 234/26, धारा 109/352 बीएनएस के तहत विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम: उपनिरीक्षक कृष्णप्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल धीरेन्द्र सिंह एवं हेड कांस्टेबल अनिल कुमार। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में अपराधियों और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
ये भी पढ़ें: तमिलनाडु में मनाया जा रहा सदियों पुराना एझुर अम्मान उत्सव, सात गांवों की आस्था और एकता का दिखा अनोखा संगम