डोंगरगढ़ में एटीएम कार्ड बदलकर रकम निकालने की एक और घटना सामने आई है। ग्राम बोरतलाब निवासी एक छात्र के साथ अज्ञात व्यक्ति ने एटीएम कार्ड बदलकर ₹40 हजार की ठगी कर ली।
राजनांदगांव (छत्तीसगढ़)। डोंगरगढ़ शहर में एटीएम कार्ड बदलकर रकम निकालने की एक और घटना सामने आई है। ग्राम बोरतलाब निवासी एक छात्र के साथ अज्ञात व्यक्ति ने एटीएम कार्ड बदलकर ₹40 हजार की ठगी कर ली। पीड़ित राजनांदगांव के कॉलेज में प्रथम वर्ष का छात्र है।
बातों में उलझाकर बदल दिया एटीएम कार्ड
जानकारी के अनुसार, छात्र 30 मई सुबह लगभग 11 बजे अपने निजी कार्य से डोंगरगढ़ आया था। वह अपने पिता खेमराज पंधरे के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम कार्ड से नया बस स्टैंड के सामने स्थित एसबीआई एटीएम में राशि निकालने का प्रयास कर रहा था लेकिन एटीएम से पैसा नहीं निकला। तभी एक अज्ञात व्यक्ति एटीएम कक्ष में आया और छात्र से पूछा कि पैसा निकल रहा है या नहीं। छात्र के "पैसा नहीं निकल रहा" कहने पर वह कुछ क्षण के लिए सड़क की ओर देखने लगा। इसी बीच आरोपी ने चालाकी से उसका एटीएम कार्ड बदल दिया और वहां से फरार हो गया।
शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
कुछ समय बाद छात्र के पिता के मोबाइल पर खाते से ₹40 हजार निकाले जाने का संदेश प्राप्त हुआ। संदेश मिलने के बाद छात्र को ठगी का पता चला। जांच करने पर सामने आया कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा एटीएम कार्ड बदलकर खाते से ₹40 हजार निकाल लिए गए हैं। पीड़ित पक्ष ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है तथा एटीएम परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: गागर नदी में डूबे युवक का शव दो दिन बाद बरामद, शादी समारोह से लौटकर नहाने गया था युवक