मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भाजपा मुख्यालय में आयोजित जनता दरबार में परेशान लोगों की समस्याओं को सुना और उन्हें भरोसा देकर संतुष्ट किया।
कोलकाता। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भाजपा मुख्यालय में आयोजित जनता दरबार में परेशान लोगों की समस्याओं को सुना और उन्हें भरोसा देकर संतुष्ट किया। आंदोलनरत विभिन्न संगठनों से जुड़े अधिकतर लोगों ने अपने सरकारी संस्थानों की ओर से महीनों से बकाया मेहनताना का भुगतान नहीं होने, मेहनताना में बढ़ोतरी नहीं होने, नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद नियुक्ति में देरी होने समेत विभिन्न समस्याएं उनके सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा देकर उन्हें विदा किया।
सुबह से जुटने लगे थे लोग
भाजपा मुख्यालय के सामने अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर काफी संख्या में लोग सुबह से ही मौजूद हो गए। वहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके परिचय पत्र और समस्याओं से जुड़े आवेदन पत्रों की जांच कर उनका रजिस्ट्रेशन किया।
दो प्रतिनिधियों को ही मिलती थी अनुमति
एक ही संगठन के दो प्रतिनिधियों को मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए स्वीकृति मिलती थी। मुख्यमंत्री के सुरक्षाकर्मियों की जांच-पड़ताल के बाद ही मुलाकात करने वालों को मुख्यमंत्री तक पहुंचने दिया जाता था।
मुख्यमंत्री के दूसरे जनता दरबार में उमड़ी भीड़
लोगों को पहले से पता था कि सोमवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का जनता दरबार लगेगा। मुख्यमंत्री का यह दूसरा जनता दरबार था। अपनी-अपनी समस्याओं को लेकर आए लोगों की इतनी अधिक संख्या थी कि कुछ लोगों को उनसे मुलाकात का मौका नहीं मिल सका। अब उन्हें मुख्यमंत्री के तीसरे जनता दरबार में आना पड़ेगा।
लोगों ने जताया समाधान का भरोसा
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात कर लौटने वाले लोगों ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान होने का भरोसा मिला है। लोगों ने कहा कि जब ममता बनर्जी मुख्यमंत्री थीं, तब लोग अपनी समस्याओं को लेकर उनसे मुलाकात करना चाहते थे, लेकिन उन्हें समय नहीं दिया जाता था। अब खुद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी लोगों से मुलाकात कर रहे हैं। लोगों का कहना था कि पहले जनता दरबार जैसी व्यवस्था ही नहीं थी।
यह भी पढ़े: योग-आध्यात्म से यूपी बनेगा पर्यटन हब