प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

तांत्रिक बाबा अनीश उपाध्याय की हत्या

बीमारी को 'ऊपरी साया' बताने वाले तांत्रिक की हत्या, 6 आरोपी गिरफ्तार

लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में बीमारी को 'ऊपरी साया' बताने वाले तांत्रिक अनीश उपाध्याय की हत्या कर दी गई है।

बीमारी को ऊपरी साया बताने वाले तांत्रिक की हत्या 6 आरोपी गिरफ्तार

Tantrik Who Called Illness a ‘Supernatural Shadow’ Murdered; Six Accused Arrested |

वाराणसी (उत्तर प्रदेश)। लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में तांत्रिक बाबा अनीश उपाध्याय की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए हत्या में प्रयुक्त गैस सिलेंडर, लकड़ी का स्टूल, लोहे की रॉड और म्यूजिक सिस्टम बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने गरीबी और बीमारी को “ऊपरी साया” बताने से नाराज होकर सुनियोजित साजिश रची और हत्या के बाद शव को झाड़ियों में छिपा दिया।

13 अगस्त को उनकी पत्नी ने हत्या की आशंका जताई

पुलिस के मुताबिक, 9 जुलाई को अनीश उपाध्याय की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान 13 अगस्त को उनकी पत्नी ने हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दी। विवेचना में सामने आया कि आरोपियों ने तांत्रिक को पूजा-पाठ के बहाने मंडुआडीह स्थित किराये के मकान में बुलाया और वहां गैस सिलेंडर, स्टूल व लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी। हत्या के दौरान चीख-पुकार दबाने के लिए कमरे में तेज आवाज में गाने चलाए गए। 

शव को झाड़ियों में फेंककर साक्ष्य मिटाने की कोशिश

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वारदात के बाद दीवार और फर्श पर पड़े खून के निशान साफ किए गए। बदबू छिपाने के लिए रूम फ्रेशनर और बॉडी स्प्रे का छिड़काव किया गया, फिर शव को झाड़ियों में फेंककर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त सभी सामान बरामद कर लिया है।

सभी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज

पुलिस ने सोनू, विशाल, विकास कुमार गौड़, साहिल गौड़, अभिषेक उर्फ रोहित कश्यप और मोहित कश्यप को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने और आपराधिक षड्यंत्र समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और आरोपियों के बयान के आधार पर पूरे हत्याकांड का खुलासा किया गया है। 

यह भी पढ़ेंः सहारनपुर में सिपाही की पत्नी ने रायफल से खुद को गोली मारी, मौके पर मौत

Related to this topic: