मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में एक 37 वर्षीय मंदिर के पुजारी का शव एक कार के अंदर मिला है। पुजारी के सीने में गोली लगने के निशान पाए गए हैं।
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में एक 37 वर्षीय मंदिर के पुजारी का शव एक कार के अंदर मिला है। पुजारी के सीने में गोली लगने के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने कार से एक बंदूक भी बरामद की है। यह जानकारी मंगलवार को एक पुलिस अधिकारी ने दी।
महालक्ष्मी नगर के पास एक मैदान में खड़ी मिली कार
यह कार जिले के खजराना थाना क्षेत्र के अंतर्गत महालक्ष्मी नगर के पास एक मैदान में खड़ी मिली थी। यह घटना सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद खजराना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार, कार अंदर से बंद थी।
37 वर्षीय सतीश शर्मा के रूप में हुई मृतक की पहचान
खजराना थाना के सब-इंस्पेक्टर घनश्याम मिश्रा ने बताया कि मृतक की पहचान 37 वर्षीय सतीश शर्मा के रूप में हुई है, जो लसूडिया इलाके में स्थित राम मंदिर में पूजा-पाठ का कार्य करते थे। उन्होंने बताया कि शव आधी रात को महालक्ष्मी नगर के पास एक मैदान में खड़ी कार के अंदर मिला। सतीश शर्मा मंदिर के पास ही रहते थे। शुरुआती जांच में यह मामला सीने में गोली लगने से मौत का प्रतीत हो रहा है।
हर एंगल से मामले की जांच कर रही पुलिस
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि अब तक मृतक के शरीर पर गोली लगने के अलावा कोई अन्य चोट के निशान नहीं मिले हैं। कार अंदर से बंद थी और शव को बाहर निकालने के लिए पुलिस को कार का दरवाजा तोड़ना पड़ा। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। कार के अंदर से बंदूक भी बरामद कर ली गई है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/india-eu-seal-long-awaited-free-trade-deal/130817
भारत-EU फ्री ट्रेड डील तय, इन सेक्टर्स को मिलेगा फायदा