वैशाली के बिदुपुर बाजार स्थित महावीर मंदिर में चोरों ने रात में ताला तोड़कर दान पेटी चोरी कर ली। चोरों ने पेटी तोड़कर उसमें रखी नकदी निकाल ली और फरार हो गए।
वैशाली: बिदुपुर थाना क्षेत्र के बिदुपुर बाजार स्थित महावीर मंदिर में बीती रात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर के ग्रिल का ताला तोड़कर अंदर घुसे और हनुमान जी की प्रतिमा के पास रखी दान पेटी को बाहर निकालकर तोड़ दिया। इसके बाद उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए।
सुबह ग्रिल का ताला टूटा मिला
मंदिर कमेटी के अध्यक्ष विनोद राय ने बताया कि रात करीब 8:30 बजे पूजा-पाठ के बाद उन्होंने दान पेटी को हनुमान जी की प्रतिमा के पास रखकर मंदिर बंद कर दिया था। सुबह करीब 4 बजे मंदिर पहुंचने पर ग्रिल का ताला टूटा मिला और दान पेटी बाहर पड़ी थी। पेटी तोड़कर उसके अंदर रखे रुपये निकाल लिए गए थे। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मंदिर परिसर में जुट गए।
पेटी को इसी रविवार को खोलने की थी तैयारी
डायल 112 की टीम को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक चोर हाथ में हसुआ लेकर दान पेटी तोड़ता दिखाई दे रहा है। फुटेज के आधार पर उसकी पहचान का प्रयास किया जा रहा है। कमेटी अध्यक्ष के अनुसार, दान पेटी अभी नहीं खोली गई थी। उसे इसी रविवार को खोलने की तैयारी थी। हर साल दान पेटी से करीब 50 से 60 हजार रुपये तक की राशि निकलती थी। इस बार पेटी खुलने से पहले ही चोरी हो गई। चोरी की कुल रकम पेटी खुलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
ये भी पढ़ें- कपड़ा व्यापारियों की खींचतान के बीच महिला ग्राहक की बिगड़ी तबीयत