उमरिया जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र स्थित ग्राम दुलहरी के शासकीय हाई स्कूल में अज्ञात चोर 79 हजार रुपये मूल्य का सामान और 21,200 रुपये की नकदी चोरी कर ले गए।
उमरिया: मध्यप्रदेश में उमरिया जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम दुलहरी स्थित शासकीय हाई स्कूल में अज्ञात चोरों ने धावा बोलते हुए स्कूल के सामान सहित नगद राशि पर हाथ साफ कर लिया। चोरी की इस घटना से स्कूल प्रबंधन में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
21 हजार 200 रुपये की नगद राशि की गई चोरी
जानकारी के अनुसार, ग्राम दुलहरी के शासकीय हाई स्कूल में अज्ञात बदमाशों ने रात के समय प्रवेश कर स्कूल में रखी टेबल-कुर्सी, खेल सामग्री सहित अन्य उपयोगी सामान चोरी कर लिया। इसके अलावा विद्यालय में रखी फीस की नगद राशि भी चोर अपने साथ ले गए। चोरी की गई सामग्री और नगद राशि की कुल कीमत करीब 79 हजार रुपये बताई गई है, जिसमें 21 हजार 200 रुपये की नगद राशि शामिल है।
सुबह स्कूल खोलते ही सामने दिखा चौकाने वाला नजारा
सुबह जब विद्यालय खुला तो कर्मचारियों को चोरी की घटना की जानकारी मिली। स्कूल के अंदर सामान बिखरा हुआ मिला, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर नौरोजाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने विद्यालय प्रबंधन की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ई) और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चोरी की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े किए सवाल
पुलिस अब चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है। साथ ही घटनास्थल और संभावित रास्तों की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके। शासकीय संस्थान में हुई इस चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल जैसी जगहों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाली घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है।
ये भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में पटवारियों का 'कलम बंद' आंदोलन शुरू, प्रशासन की बढ़ी चिंता