झालावाड़ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 50 लाख रुपये कीमत की स्मैक और चरस बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
झालावाड़,(राजस्थान)। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में करीब 50 लाख रुपये कीमत की 250 ग्राम 13 मिलीग्राम स्मैक और 86 ग्राम 15 मिलीग्राम चरस बरामद कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।
नशे पर अंकुश लगाने के लिए जिले भर में लगातार अभियान जारी
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (आईपीएस) ने बताया कि अपराध नियंत्रण एवं नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जिले भर में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्यामचंद मीणा और वृत्ताधिकारी हर्षराज सिंह के निर्देशन में कोतवाली सीआई मुकेश कुमार मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
मादक पदार्थ के साथ आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने देवरीघाटा क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान 250.13 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपी नरेश गुर्जर (25) पुत्र राधाकिशन गुर्जर निवासी थाना चौथ का बरवाड़ा, जिला सवाई माधोपुर और मोर सिंह गुर्जर (25) पुत्र रघुनीलाल गुर्जर, निवासी थाना बनेठा, जिला टोंक को गिरफ्तार किया। वहीं दूसरी कार्रवाई में ईदगाह रोड के पास 86.15 ग्राम चरस के साथ एक अन्य तस्कर शाहरुख (24) पुत्र सलीम निवासी संजय कॉलोनी झालावाड़ को दबोच लिया।
आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ कहां से लाए गए थे और इन्हें किसे सप्लाई किया जाना था। मामले में अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई में शामिल कोतवाली थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
यह भी पढ़ेंः मंडला में पहली बारिश में बहा पुलिया का डायवर्टेड मार्ग, सैकड़ों ग्रामीणों और छात्रों की बढ़ी परेशानी