प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

औरंगाबाद में भीषण सड़क हादसा

औरंगाबाद में बाइक-लूना की टक्कर के बाद पलटा ऑटो, पिता-पुत्र समेत 3 गंभीर रूप से घायल

औरंगाबाद जिले के अंबा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में गल्ला व्यवसायी पिता-पुत्र समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

औरंगाबाद में बाइक-लूना की टक्कर के बाद पलटा ऑटो पिता-पुत्र समेत 3 गंभीर रूप से घायल

Three Injured in Amba Road Accident After Bike-Luna Collision |

औरंगाबाद (बिहार)। औरंगाबाद जिले के अंबा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में गल्ला व्यवसायी पिता-पुत्र समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना अंबा थाना क्षेत्र के परसावां बिगहा गांव के पास एनएच-139 पर हुई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। सभी घायलों को इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक युवक की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

घायलों को बचाने के चक्कर में पलटा ऑटो

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क पर पहले एक बाइक और लूना के बीच जोरदार टक्कर हुई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक चालक और लूना पर सवार दोनों लोग सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान औरंगाबाद से अंबा की ओर जा रहा एक ऑटो चालक उन्हें बचाने के प्रयास में अचानक ब्रेक लगा बैठा। अचानक ब्रेक लगाने से ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो सवार कुछ लोगों को भी हल्की चोटें आई है।

बुआ को बस स्टैंड छोड़कर अपने घर लौट रहा था बाइक चालक

घायलों की पहचान कुटुंबा थाना क्षेत्र के परसावां गांव निवासी गल्ला व्यवसायी नंदकिशोर साव, उनके पुत्र रंजन कुमार तथा परसावां बिगहा निवासी आयुष कुमार के रूप में हुई है। आयुष बाइक चला रहा था। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायलों को एक ऑटो में बैठाकर सदर अस्पताल भेजा। हालांकि रास्ते में ऑटो खराब हो गया, जिसके बाद दूसरे वाहन की व्यवस्था कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। घायल आयुष के परिजन सोनू कुमार ने बताया कि आयुष अपनी बुआ को बाइक से अंबा बस स्टैंड छोड़ने गया था। वहां से वापस घर लौटने के दौरान यह दुर्घटना हुई।

दुकान खोलने जा रहे थे गल्ला व्यवसायी पिता-पुत्र

दूसरी ओर नंदकिशोर साव अपने पुत्र रंजन कुमार के साथ लूना पर सवार होकर बभंडीह खेल मैदान के सामने स्थित अपनी गल्ला दुकान खोलने जा रहे थे। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच पीछे से जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद वाहन चालकों को बचाने के प्रयास में ऑटो भी हादसे का शिकार हो गया।

पुलिस के पहुंचने से पहले वाहन ले गए परिजन

घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को भी दी। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही घायलों को अस्पताल भेजा जा चुका था। वहीं दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को भी परिजन घटनास्थल से हटा ले गए थे। अंबा थानाध्यक्ष राहुल राज ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिली है। मामले की जानकारी जुटाई जा रही है तथा दुर्घटनाग्रस्त वाहनों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। वहीं सदर अस्पताल में घायलों का उपचार जारी है और चिकित्सक आयुष कुमार की स्थिति पर विशेष निगरानी रखे हुए हैं।

यह भी पढ़ें: डिंडौरी में युवक ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग, मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर

Related to this topic: