मृतक की बहू विभा देवी के अनुसार, पप्पू मकान में ही पान की दुकान चलाते थे। शुक्रवार रात खाना खाने के बाद वह घर के बाहर सोए थे। आरोप है कि देर रात कुछ लोग वहां पहुंचे और उन पर हमला कर दिया।
वाराणसी (उत्तर प्रदेश)। आदमपुर थाना क्षेत्र के हनुमान फाटक इलाके में शनिवार सुबह घर के बाहर सो रहे तीन लोगों पर जानलेवा हमला किए जाने से सनसनी फैल गई। हमले में एक व्यक्ति की पत्थर से सिर कूचकर हत्या कर दी गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान रवि चौहान उर्फ पप्पू के रूप में हुई है। वहीं, हमले में अशोक पासी और गणेशु कनौजिया घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि तीनों लोग रात में घर के बाहर सो रहे थे। सुबह आसपास के लोगों ने उन्हें घायल अवस्था में देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने घायलों को अस्पताल भेजा, जबकि पप्पू के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पान की दुकान चलाता था मृतक
मृतक की बहू विभा देवी के अनुसार, पप्पू मकान में ही पान की दुकान चलाते थे। शुक्रवार रात खाना खाने के बाद वह घर के बाहर सोए थे। आरोप है कि देर रात कुछ लोग वहां पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। हमले में पप्पू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। विभा देवी ने बताया कि घटना के समय वह अपने रिश्तेदार के यहां गाजीपुर गई हुई थीं। सुबह आसपास के लोगों ने फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद वह वाराणसी पहुंचीं। घर के बाहर पप्पू का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया।
मौके पर पहुंचे शहर दक्षिणी विधायक
घटना की जानकारी मिलने के बाद शहर दक्षिणी विधायक नीलकंठ तिवारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की बात कही।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
एडीसीपी वैभव बांगर के अनुसार, शनिवार सुबह पुलिस को एक व्यक्ति की हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो रवि चौहान उर्फ पप्पू का शव खून से लथपथ अवस्था में मिला। प्रथम दृष्टया पत्थर से सिर पर हमला कर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। पुलिस के मुताबिक, दो अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं।