बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के छौड़ादानों थाना क्षेत्र में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.050 किलोग्राम अफीम बरामद की है।
मोतिहारी: पूर्वी चंपारण जिले के छौड़ादानों थाना क्षेत्र में पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त कार्रवाई में मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने 2.050 किलोग्राम अफीम के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
ई-रिक्शा से 2.050 किलो अफीम बरामद
रक्सौल डीएसपी मनीष आनंद ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि 08 नवंबर 2026 को छौड़ादानों थानांतर्गत महुआवा ए समवाय 71वीं वाहिनी एसएसबी को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्करों द्वारा नेपाल के रास्ते से भारी मात्रा में मादक पदार्थ भारत में लाया जा रहा है। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रक्सौल मनीष आनंद के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। गठित टीम और एसएसबी ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के धरहरी के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान एक ई-रिक्शा की तलाशी ली गई, जिसके पास से 2.050 किलोग्राम अफीम बरामद की गई। पुलिस ने मौके से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।
तीन तस्कर गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छौड़ादानों थाना क्षेत्र के मसही का फिरोज अहमद, जीतपुर का विपिन कुमार और नेपाल बारा जिले के सिमरोनगढ़ पकड़िया का दिलीप कुमार के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने अफीम और एक ई-रिक्शा के अलावा 3 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इस संबंध में छौड़ादानों थाने में पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर लिया है और गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ कर अग्रेतर कार्रवाई में जुटी है। छापेमारी में रक्सौल डीएसपी मनीष आनंद के साथ छौड़ादानों थानाध्यक्ष राजीव कुमार, दारोगा रंजू कुमारी, कुलबीर सिंह (71वीं वाहिनी), सुरेश कुमार निराला सहित रिजर्व गार्ड और एसएसबी के जवान शामिल थे।
ये भी पढ़ें- बरेली में दीपावली की रात 17 वर्षीय छात्रा ने दी जान, चाचा पर मारपीट का आरोप