टीएमसी नेता जहांगीर खान को पश्चिम बंगाल पुलिस की एसटीएफ ने नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमा से गिरफ्तार कर लिया है।
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की फाल्टा सीट से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के उम्मीदवार जहांगीर खान को पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमा से गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि टीएमसी का पूर्व विधायक जहांगीर खान देश छोड़कर नेपाल भागने की फिराक में था।
टेक्निकल सर्विलांस के सहारे जहांगीर तक पहुंची एसटीएफ
बताया जा रहा है कि जहांगीर खान को पकड़ने के लिए एसटीएफ ने टेक्निकल सर्विलांस का सहारा लिया। एसटीएफ की टीम जहांगीर खान के एक सहयोगी के फोन को ट्रैक करते हुए टीएमसी नेता तक पहुंची और धर दबोचा।
लंबे समय से फरार चल रहा था टीएमसी नेता
जहांगीर खान के खिलाफ जबरन वसूली, धमकी, राजनीतिक हिंसा और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने से जुड़े सात मामले दर्ज हैं। इन मामलों के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। उसकी तलाश में पुलिस कई जगहों पर छापेमारी कर रही थी। लंबे समय से फरार चल रहे जहांगीर की गिरफ्तारी सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।
फाल्टा सीट से जीत का किया था दावा
पश्चिम बंगाल में हाल के विधानसभा चुनाव के दौरान जहांगीर खान का एक वीडियो खूब वायरल हुआ था। वीडियो में फाल्टा सीट पर जीत का दावा करते हुए वह जीत का दावा कर रहा था। साथ ही कह रहा था कि 'पुष्पा' झुकेगा नहीं। इसके बाद से लोग जहांगीर खान को 'फाल्टा का पुष्पा' बुलाने लगे थे।
आईपीएस को धमकी देकर सुर्खियों में आया
जहांगीर खान पर अपने नेटवर्क के जरिये दहशत फैलाने और राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के आरोप हैं। यही नहीं, बंगाल चुनाव के दौरान जहांगीर खान उस समय सुर्खियों में आ गया था जब उसने आईपीएस जय पाल शर्मा को धमकी दी थी। हालांकि, चुनाव में फाल्टा सीट से बीजेपी उम्मीदवार को जीत मिली थी।
नेपाल भागने के दौरान एसटीएफ ने किया गिरफ्तार
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह नेपाल भागने की कोशिश कर रहा है। इसी सूचना के आधार पर एसटीएफ ने कार्रवाई करते हुए नेपाल सीमा के पास से गिरफ्तार कर लिया। जांच एजेंसियां पता लगाने में जुटी हैं कि फरारी के दौरान उसे किन-किन लोगों ने संरक्षण दिया था।