प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

सड़क हादसा में महिला की मौत

औरंगाबाद में मंदिर से दीया जलाकर लौट रही महिला को तेज रफ्तार वाहन ने कुचला

बिहार के औरंगाबाद में दिवाली के दिन मंदिर से दीया जलाकर लौट रही 30 वर्षीय संजू देवी को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

औरंगाबाद में मंदिर से दीया जलाकर लौट रही महिला को तेज रफ्तार वाहन ने कुचला

Tragedy Strikes on Diwali in Aurangabad as 30-Year-Old Woman Dies |

औरंगाबाद (बिहार)। दीपावली की शाम जब पूरा शहर दीयों की रोशनी और खुशियों से जगमगा रहा था, ठीक उसी समय अंबा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक खबर सामने आई जिसने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया। मंदिर में दीपावली का दीया जलाकर घर लौट रही एक महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई।

एनएच-139 पर हुआ हादसा

घटना रविवार की शाम की है। मिली जानकारी के अनुसार बभंडीह खेल मैदान के सामने एनएच-139 पर यह हादसा हुआ। मृतका की पहचान लभरी खुर्द निवासी सुनील कुमार प्रजापति की 30 वर्षीय पत्नी संजू देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि संजू देवी रविवार की शाम दीपावली के अवसर पर घर से पास के मंदिर में दीया जलाने गई थीं। पूजा-अर्चना करने के बाद वह वापस घर लौट रही थीं। घर के सामने ही एनएच-139 पार करने के दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

औरंगाबाद के सदर अस्पताल रेफर

टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। घटना के बाद आसपास अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन आनन-फानन में उन्हें अंबा स्थित एक निजी क्लीनिक ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए औरंगाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

मृतका के हैं दो बच्चे

सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने ऑक्सीजन लगाकर इलाज शुरू किया, लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने के कारण कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। मृतका के पति सुनील प्रजापति ने बताया कि उनकी शादी साल 2011 में हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। 14 साल की बेटी और 11 साल का बेटा। मां की असामयिक मौत से दोनों बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया। मृतका के ससुर ब्रह्मदेव प्रजापति वर्षों से बभंडीह खेल मैदान के समीप मकान बनाकर रह रहे हैं। उनका पैतृक गांव बभंडीह बिगहा बताया जाता है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव में भी शोक का माहौल है। इधर, सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं अंबा थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ेंः मध्य प्रदेश में दिवाली पर पटाखों का कहर, छतरपुर में 35 से ज्यादा लोग झुलसे

Related to this topic: