प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

दिल्ली के कमला नगर से हुई गिरफ्तारी

इंस्टाग्राम पर शुरू हुई मोहब्बत का दर्दनाक अंत, प्रेमी ने मुंह दबाकर की प्रेमिका की हत्या

इंस्टाग्राम पर शुरू हुई मोहब्बत का दर्दनाक अंत: प्रेमी ने कथित तौर पर मुंह दबाकर प्रेमिका की हत्या कर दी।

इंस्टाग्राम पर शुरू हुई मोहब्बत का दर्दनाक अंत प्रेमी ने मुंह दबाकर की प्रेमिका की हत्या

Tragic end to a romance that began on Instagram |

अमेठी,(उत्तर प्रदेश)। इंस्टाग्राम पर शुरू हुई प्रेम कहानी का अंत एक दर्दनाक हत्याकांड से हुआ है। अमेठी पुलिस ने 19 वर्षीय युवती काजल की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए उसके प्रेमी सुरजीत को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार प्रेमी ने युवती पर अपने साथ भाग चलने का दबाव बनाया था। इनकार करने पर उसने मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गया।

ग्रामीणों ने झाड़ियों में शव पड़े होने की दी सूचना

दरअसल, पूरा मामला अमेठी कोतवाली क्षेत्र के रणवीर नगर जंगल रामनगर गांव का है। बुधवार सुबह गांव निवासी अमरजीत सिंह की पुत्री काजल का शव घर से करीब 200 मीटर दूर झाड़ियों में मिला था। परिजन देर रात से उसकी तलाश कर रहे थे और गुमशुदगी दर्ज कराने थाने पहुंचे थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने झाड़ियों में शव पड़े होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस, क्षेत्राधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू की।

दम घुटने से मौत की पुष्टि

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई। पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच तेज कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सरवनन टी. के निर्देशन में 10 टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से युवती का मोबाइल फोन नहीं मिला। इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और कॉल डीटेल के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की तलाश शुरू की।

गाँव मिलने पहुँचा आरोपी फिर कर दी हत्या

जांच में सामने आया कि काजल और सुरजीत की जान पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी और दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत हो रही थी। पुलिस के अनुसार मंगलवार रात सुरजीत गांव पहुंचा और काजल को फोन कर मिलने के लिए बुलाया। मुलाकात के दौरान उसने युवती पर अपने साथ भागने का दबाव बनाया। काजल के इंकार करने पर उसने उसका मुंह दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।

दिल्ली के कमला नगर से हुई गिरफ़्तारी

पुलिस लगातार आरोपी की लोकेशन ट्रैक कर रही थी। करीब 48 घंटे की मशक्कत के बाद उसे दिल्ली के कमला नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की निशानदेही पर मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी सरवनन टी. ने मामले का खुलासा करते हुए बताया, कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त परिस्थितिजन्य और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी जुटा लिए हैं। 

यह भी पढ़ेंः कोलंबिया ने घाना को 1-0 से हराकर राउंड 16 में बनाई अपनी जगह

Related to this topic: