हाथरस के सादाबाद स्थित मोहल्ला कहारान में मकान में लगी भीषण आग में शहजाद और उनकी पत्नी सलमा बेगम की दर्दनाक मौत हो गई।
हाथरस (उत्तर प्रदेश)। जिले के सादाबाद कस्बे में बीती रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। मोहल्ला कहारान में एक मकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि घर के अंदर सो रहे पति-पत्नी को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला और दोनों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में लिया
मृतकों की पहचान शहजाद पुत्र मुन्ना और उनकी पत्नी सलमा बेगम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दंपती रात के समय अपने मकान में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।
आग बुझाने के साथ ही राहत और बचाव कार्य शुरू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के साथ ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। वृंदावन से अधिकारी रजत कुमार अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जवानों को बचाव कार्य में लगाया। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद दंपती की जान नहीं बचाई जा सकी।
दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. नीरज शर्मा ने भी घटना से जुड़ी जानकारी दी। वहीं, मृतक के पड़ोसी कासिम बेग ने हादसे के संबंध में अपनी बात रखी।
आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं
फिलहाल मकान में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक दंपती के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।
यह भी पढ़ेंः भारत-नेपाल संबंधों को मजबूत करने की पहल, विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने नेपाल के वित्त मंत्री से की मुलाकात