डूंगरपुर के लिखी बड़ी गांव में एनीकट में नहाने गए चार बच्चों की डूबने से मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में शोक छा गया।
Tragic Incident in Dungarpur: Four Children, Including Three Siblings, Drown in Anicut |
डूंगरपुर,(राजस्थान)। जिले के धम्बोला थाना क्षेत्र के लिखी बड़ी गांव में वात्रक एनीकट (तालाब) में नहाने गए छह बच्चों में से चार की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में तीन सगे भाई-बहन और उनकी एक फुफेरी बहन शामिल है। इस हादसे के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं पीड़ित माता-पिता के सिर से उनके सभी बच्चों का साया उठ गया है।
गहराई में जाने से हुआ हादसा
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10 बजे गांव के सीनियर स्कूल मैदान के पास स्थित वात्रक एनीकट में छह बच्चे नहाने उतरे थे। नहाते समय अचानक पानी की गहराई का अंदाजा न होने के कारण सभी बच्चे डूबने लगे और शोर मचाने लगे। शोर सुनकर पास ही मौजूद जयसिंह के पिता सुरेश सिंह और अन्य ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े। सुरेश सिंह ने बड़ी मशक्कत के बाद अपने बेटे जयसिंह और राजवीर को सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक अन्य चार बच्चे गहरे पानी में समा चुके थे।
एक ही झटके में उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार
सूचना मिलते ही धम्बोला थाना पुलिस और भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर चारों शवों को बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान लिखी बड़ी गांव निवासी किसान बाबूसिंह डामोर की बड़ी बेटी हिना (24), पुत्र प्रतीक (20), और छोटी बेटी इशिता (15) के रूप में हुई है। वहीं, चौथी मृतका रौनक (20) पुत्री गौतम भाई परमार थी, जो गुजरात के पालनपुर की रहने वाली थी और चार दिन पहले ही अपने मामा के घर छुट्टियां बिताने आई थी।
हंसता-खेलता परिवार पूरी तरह उजाड़ा
इस हादसे ने बाबूसिंह के हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया है। उनके तीन ही बच्चे थे, और अब माता-पिता के अलावा परिवार में कोई बच्चा नहीं बचा है। बड़ी बेटी हिना निजी स्कूल में शिक्षिका थी, प्रतीक ने हाल ही में 12वीं उत्तीर्ण कर कॉलेज में दाखिले के लिए आवेदन किया था, और इशिता 11वीं कक्षा की छात्रा थी।
अस्पताल में भर्ती घायलों की स्थिति स्थिर
हादसे में बचाए गए दोनों घायल बच्चों राजवीर और जयसिंह को तत्काल सीमलवाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं, चारों शवों को सीमलवाड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। धम्बोला थाना एसआई अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः मैहर में तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को मारी टक्कर, बुजुर्ग की मौत; चार घायल