जसवंतनगर के खदिया गांव में यमुना नदी में नहाते समय तीन स्कूली बच्चों के साथ हादसा हो गया।
जसवंतनगर,(उत्तर प्रदेश)। बलरई थाना क्षेत्र के ग्राम खदिया में सोमवार दोपहर यमुना नदी में नहाते समय तीन स्कूली बच्चों के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में 11 वर्षीय मयांश उर्फ मिथुन की डूबने से मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय निखिल लापता है। तीसरा साथी सूरज किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकल आया और गांव पहुंचकर परिजनों को सूचना दी।
नहाते समय गहरे पानी में डूबा मासूम
जानकारी के अनुसार फकीरे की मढ़ैया निवासी मयांश पुत्र शेर सिंह, निखिल पुत्र ब्रज किशोर और सूरज पुत्र रामगोपाल स्कूल से लौटने के बाद बकरी और भैंस चराने के लिए यमुना किनारे गए थे। तीनों कक्षा चार के छात्र और घनिष्ठ मित्र थे। इसी दौरान नहाते समय मयांश गहरे पानी में समा गया। सूरज बाहर निकल आया, लेकिन निखिल भी लापता हो गया।
गांव में अफरा-तफरी का माहौल
सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और गोताखोरों ने तलाश अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद शाम लगभग चार बजे मयांश का शव नदी से बाहर निकाल लिया गया, जबकि निखिल की तलाश देर शाम तक जारी रही।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
हादसे के बाद मृतक मयांश के परिवार में कोहराम मच गया। वहीं लापता निखिल के पिता ओला चालक हैं और निखिल उनके चार बच्चों में सबसे बड़ा बेटा है। घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह और थाना प्रभारी कमल भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
यह भी पढ़ेंः पत्नी ने डंडे से पीटा और करंट लगाने की कोशिश का मामला