कोटपूतली-बहरोड़ के गोपालपुरा बाइपास पर तेज रफ्तार ट्रोले ने बाइक सवार युवक और मासूम को कुचल दिया। दोनों की मौके पर मौत हो गई, जबकि हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।
कोटपूतली-बहरोड़ (राजस्थान)। जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गोपालपुरा बाइपास में मंगलवार को उस समय मातम और आक्रोश का केंद्र बन गया, जब एक तेज रफ्तार ट्रोले ने बाइक सवार युवक और मासूम बच्चे को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान पानेड़ा कांकरा वाली ढाणी निवासी महेन्द्र यादव पुत्र रोहितास यादव और सजिता पुत्र सुरेन्द्र यादव के रूप में हुई है।
अनियंत्रित ट्रोला ने बाइक सवार युवक और मासूम को कुचला
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया तथा पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महेन्द्र यादव और सजिता बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान गोपालपुरा बायपास के समीप एक तेज रफ्तार ट्रोला अनियंत्रित होकर उनकी बाइक पर चढ़ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक ट्रोला लेकर मौके से फरार हो गया।
लोगों ने जताई नाराजगी
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद करीब एक घंटे तक न तो पुलिस मौके पर पहुंची और न ही एम्बुलेंस। समय पर सहायता नहीं मिलने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई और हाईवे पर विरोध शुरू कर दिया।
लोगों और पुलिसकर्मियों के बीच हुई तीखी बहस
स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब पुलिस मौके पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस के देरी से पहुंचने को लेकर कुछ लोगों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी बहस हो गई, जो बाद में धक्का-मुक्की और हाथापाई तक पहुंच गई। हालात बिगड़ते देख अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से समझाइश कर माहौल को शांत करने का प्रयास किया।
हादसे के कारण यातायात भी रहा प्रभावित
हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने यातायात को सुचारु करवाने के साथ-साथ शवों को कब्जे में लेकर राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। बाद में पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस ने की अज्ञात ट्रोला चालक की तलाश शुरू
पुलिस ने अज्ञात ट्रोला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने दोषी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी तथा दुर्घटना प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
यह भी पढ़ें: झालावाड़ में एनएच-52 किनारे टूटी स्लैबों से एक युवक की हो चुकी है मौत, लोगों ने की तत्काल मरम्मत की मांग