औरंगाबाद में उत्पाद विभाग ने चेक पोस्ट पर कार्रवाई करते हुए 16 बोरा डोडा बरामद किया और ट्रक चालक को गिरफ्तार किया। मामले की जांच जारी है।
औरंगाबाद (बिहार)। मादक प्रदार्थों की खरीद फरोख्त के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के फलस्वरूप उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। यह कार्रवाई अंबा थाना क्षेत्र के एरका चेक पोस्ट पर की गई। टीम ने चेकिंग के दौरान झारखंड की ओर से आ रहे एक संदिग्ध ट्रक से भारी मात्रा में 16 बोरा डोडा (मादक पदार्थ) बरामद किया है।
उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार राय के निर्देश पर निरीक्षक चंदन कुमार के नेतृत्व में एएसआई अजय कुमार पासवान, कांस्टेबल कुंदन कुमार, विकास कुमार, गृहरक्षक राकेश कुमार एमटीएस मनिष कुमार सिंह, स्कैनर राजेश कुमार एवं उनकी टीम द्वारा किया गया। जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की पुलिस ने मौके से ट्रक को जब्त कर उसके चालक को हिरासत में ले लिया है।
गिरफ्तार चालक की हुई पहचान
पकड़े गए चालक की पहचान हरिपाल के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के लखीमपुर जिले के मितौली थाना क्षेत्र के बलिया गांव का रहने वाला है। पूछताछ में चालक हरिपाल ने स्वीकार किया है कि वह मादक पदार्थ की यह खेप बंगाल से जमशेदपुर जाने वाली सड़क पर घाटी क्षेत्र से लेकर आ रहा था और इसे उत्तर प्रदेश की ओर ले जाने की फिराक में था।
चेक पोस्ट पर नाकाम हुई तस्करी की साजिश
हालांकि, इससे पहले कि वह अपने मंसूबों में कामयाब हो पाता, एरका चेक पोस्ट पर मुस्तैद टीम ने उसे दबोच लिया। मद्य निषेध विभाग अब इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है। पुलिस हिरासत में लिए गए चालक से कड़ाई से पूछताछ कर रही है, ताकि बरामद डोडा के मुख्य स्रोत, इसके अंतिम गंतव्य (डिलीवरी पॉइंट) और इस अंतरराज्यीय तस्करी के पीछे जुड़े अन्य बड़े चेहरों व तस्करों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्यवाही की गई है। जल्द ही इस मामले में कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
यह भी पढ़ेंः झालावाड़ में ऑपरेशन क्लीन राइड के तहत अवैध वसूली गिरोह का खुलासा, मुख्य आरोपी आरिफ अहमद गिरफ्तार