कोरबा में आधी रात ट्रक चालक पर लूटपाट के इरादे से हमला हुआ। विरोध करने पर बदमाशों ने धारदार हथियार से दौड़ा-दौड़ा कर घायल कर दिया।
कोरबा (छत्तीसगढ़): औद्योगिक नगरी कोरबा में बीती रात अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आए। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत इमलीडुग्गु मुख्य मार्ग पर आधी रात को एक ट्रक चालक पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। लूटपाट की नीयत से आए दो युवकों ने नाकाम होने पर ट्रक चालक को दौड़ा-दौड़ा कर धारदार हथियार से लहूलुहान कर दिया।
ब्रेकडाउन के दौरान बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, पीड़ित ट्रक चालक जयप्रकाश कुसमुंडा से कोयला लोड कर लैंको अडानी पावर प्लांट खाली करने जा रहा था। इसी दौरान इमलीडुग्गु मुख्य मार्ग के पास ट्रक अचानक ब्रेकडाउन हो गया, जिसके कारण चालक ने गाड़ी को सड़क किनारे खड़ी कर दी थी। आधी रात का फायदा उठाकर दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे और चालक से पैसे और मोबाइल की मांग करने लगे।
पैसे नहीं देने पर दौड़ा-दौड़ा कर किया हमला
घायल चालक जयप्रकाश ने अस्पताल में बताया कि जब उसने पैसे और मोबाइल देने से साफ मना कर दिया, तो बदमाशों ने उसकी जमकर पिटाई शुरू कर दी। किसी तरह बदमाशों के चंगुल से छूटकर वह अपनी जान बचाने के लिए भागा, लेकिन हमलावरों ने उसे रास्ते पर दौड़ा-दौड़ा कर धारदार हथियार से मारना शुरू कर दिया।
दूसरे के घर में घुसकर बचाई जान
लगातार हुए वार से चालक खून से लथपथ हो गया। गंभीर हालत में उसने अपनी जान बचाने के लिए सड़क किनारे स्थित एक मकान के भीतर शरण ली। चालक के चिल्लाने और शोर मचाने पर जब आसपास के लोग जागे, तो पकड़े जाने के डर से दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में भर्ती, सिर और पैर में लगे टांके
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने घायल चालक को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, चालक के सिर पर गहरा जख्म होने के कारण 8 टांके और पैर में लगी चोट के कारण 2 टांके लगाए गए हैं।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
इस बड़ी वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। मामले को लेकर कोरबा सीएसपी (CSP) प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तफ्तीश में जुट गई है। पीड़ित चालक के बयान के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़े: हत्याकांड खुलासे को 22 जून ताजपुर घेराव