रीवा जिले के थाना गोविंदगढ़ अंतर्गत पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराध करने वाले दो आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है।
रीवा (मध्यप्रदेश)। रीवा जिले के थाना गोविंदगढ़ अंतर्गत पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महिलाओं और बालिकाओं के विरुद्ध अपराध करने वाले दो आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में एक महिला से दुष्कर्म के आरोपी और एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से दोनों को जेल भेज दिया गया है।
घर में घुसकर विवाहिता से ज्यादती
Dsp उदित मिश्रा ने बताया की मामला मड़वा गाँव का है। यहाँ एक पीड़ित महिला ने थाने पहुँचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि एक स्थानीय व्यक्ति ने उसके घर में जबरन प्रवेश किया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। चूँकि मामला महिला सुरक्षा से जुड़ा और अत्यंत संवेदनशील था, इसलिए महिला पुलिस अधिकारियों की देखरेख में तुरंत घटना की जांच शुरू की गई। आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
नाबालिग को बहलाकर भगा ले गया था आरोपी
वहीं दूसरे मामले में, एक फरियादी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बहन को कोई व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है। नाबालिग बालिका से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी का सुराग लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को बीते दिन न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
यह भी पढ़ें: सिलपरा नहर में नहाने गया सेना का जवान लापता, SDRF और पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी