गोरखपुर जनपद में अंतरराज्यीय अवैध असलहा तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ गोरखपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
गोरखपुर: गोरखपुर जनपद में अंतरराज्यीय अवैध असलहा तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ गोरखपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। खोराबार पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से अवैध असलहे, कारतूस और एक स्विफ्ट डिजायर कार बरामद करने का दावा किया है।
दो तस्कर गिरफ्तार, एक बाल अपचारी भी हिरासत में
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अफजल खान पुत्र नूरूल हुदा खान, निवासी डिबिया, थाना कैंट, गोरखपुर, उम्र करीब 19 वर्ष और मो. शमी पुत्र कुर्बान अली, निवासी दिव्यनगर रानीडीहा, थाना कैंट, गोरखपुर, उम्र करीब 20 वर्ष के रूप में हुई है।
तमंचा, पिस्टल और कार बरामद
गोरखपुर के सीओ कैंट अरुण कुमार एस ने खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक अवैध पिस्टल .32 बोर मय मैगजीन, एक जिंदा कारतूस 7.65 बोर और स्विफ्ट डिजायर कार संख्या UP 53 BF 2735 बरामद की गई है।
पूर्व पार्षद हत्याकांड में हथियार इस्तेमाल होने का दावा
पुलिस के मुताबिक पूछताछ और पूर्व की कार्रवाई में सामने आया है कि इन असलहा तस्करों से खरीदे गए हथियारों का इस्तेमाल छह माह पूर्व पूर्व पार्षद राजकुमार चौहान हत्याकांड में किया गया था। पुलिस अब इस पूरे हथियार सप्लाई नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध हथियार कहां से लाए जाते थे और किन लोगों तक पहुंचाए जाते थे। पुलिस के अनुसार जांच के दौरान इस अंतरराज्यीय असलहा तस्करी नेटवर्क के तार अंतरराष्ट्रीय लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कनेक्शन की जांच
हालांकि इस कनेक्शन को लेकर पुलिस और जांच एजेंसियां आगे की जांच कर रही हैं। इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना खोराबार में धारा 55, 61 बीएनएस एवं 9/25(1)(ए) आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अवैध हथियारों की सप्लाई चेन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
20 दिन पहले भी 5 तस्कर हुए थे गिरफ्तार
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध हथियारों की तस्करी करने वालों और अपराधियों को हथियार उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। 20 दिन पहले 15 सितंबर को यूपी एसटीएफ की गोरखपुर यूनिट ने इस गैंग के नेटवर्क से जुड़े 5 असलहा तस्करों को गिरफ्तार किया था।
ये भी पढ़ें: ट्यूशन पढ़ने गया 15 साल का रितिक नहीं लौटा घर, परिजनों में मचा हड़कंप