खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। छुईखदान पुलिस ने गांजा बिक्री के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (छत्तीसगढ़)। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। छुईखदान पुलिस ने गांजा बिक्री के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके साथ शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 98 पैकेट गांजा, नकदी और एक स्कूटी सहित कुल 36 हजार 350 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
स्कूटी और 98 पैकेट गांजा बरामद
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ युवक स्कूटी में गांजा रखकर जमुना चौक क्षेत्र में घूम-घूमकर लोगों को बेच रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने राजू वैष्णव कॉम्प्लेक्स के सामने घेराबंदी कर कार्रवाई की। मौके पर तीन संदिग्धों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 98 पैकेट गांजा बरामद किया गया, जिसका कुल वजन 270 ग्राम और अनुमानित कीमत करीब 6 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा गांजा बिक्री से प्राप्त 350 रुपये नकद और करीब 30 हजार रुपये कीमत की एक स्कूटी भी जब्त की गई।
आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रखर कुमार चंद्राकर उर्फ बाबू और वेदांत वैष्णव उर्फ सिनु के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें उप जेल सलोनी भेज दिया गया। वहीं मामले में शामिल विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: तूफान से तबाह केला फसल का जायजा लेने किसानों के बीच पहुंचे मंत्री तुलसी सिलावट