झालावाड़ के भवानीमंडी थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 2 किलो 134 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया। पुलिस ने वाहन भी जब्त किए हैं।
झालावाड़ (राजस्थान)। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भवानीमंडी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 2 किलो 134 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और एक इलेक्ट्रिक रिक्शा भी जब्त किया है।
एसपी के निर्देश पर चलाया जा रहा विशेष अभियान
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (आईपीएस) ने बताया कि जिलेभर में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सभी थाना प्रभारियों को विशेष टीमें गठित कर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। भवानीमंडी थाना पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर यह सफलता हासिल की।
इलेक्ट्रिक रिक्शा से 1 किलो 74 ग्राम गांजा बरामद
पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इस दौरान श्मशान के पास पचपहाड़ तिराहा, डग रोड पर एक इलेक्ट्रिक रिक्शा चालक मोहम्मद इमरान (34) निवासी जवाहर कॉलोनी, भवानीमंडी को रोककर तलाशी ली गई। उसके कब्जे से 1 किलो 74 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर गांजा और इलेक्ट्रिक रिक्शा जब्त कर लिया।
मोटरसाइकिल सवार से मिला 1 किलो 60 ग्राम गांजा
इसी दिन उपनिरीक्षक रेवतीरमण के नेतृत्व में दूसरी पुलिस टीम ने नारायणखेड़ा तिराहे से दूधाखेड़ी माताजी रोड पर नाकाबंदी के दौरान मोटरसाइकिल सवार अमजद खान (26) निवासी टगर मोहल्ला, भवानीमंडी को रोका। तलाशी में उसके पास से 1 किलो 60 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर गांजा और मोटरसाइकिल जब्त कर ली।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज, जांच जारी
दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लाए थे और इसकी सप्लाई किसे करने जा रहे थे।
पुलिस टीम ने अधिकारियों के निर्देशन में की कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा तथा वृत्ताधिकारी सत्यनारायण गोदारा के निर्देशन एवं सुपरविजन में भवानीमंडी थाना पुलिस द्वारा की गई।
मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
यह भी पढ़े: रायबरेली में 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत, चारपाई पर अचेत अवस्था में मिला शव