जमुई-सिकंदरा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार की सुबह करीब 10:00 बजे चलती ई-रिक्शा की अचानक बैटरी फट गई और ई-रिक्शा में भीषण आग लग गई।
जमुई {बिहार}: जमुई-सिकंदरा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार की सुबह करीब 10:00 बजे चलती ई-रिक्शा की अचानक बैटरी फट गई और ई-रिक्शा में भीषण आग लग गई। इस अगलगी में इंटर की छात्रा बुरी तरह झुलस गई, जबकि ई-रिक्शा चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से एक छात्रा को डॉ. नीरज साह के क्लिनिक में भर्ती कराया गया, जबकि दूसरी छात्रा को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां छात्रा की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने प्रारंभिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। जबकि एक छात्रा का इलाज निजी क्लिनिक में ही चल रहा है, उसकी हालत सामान्य बनी हुई है। रेफर हुई छात्रा की पहचान सदर प्रखंड क्षेत्र के भगवाना गांव निवासी मनोहर महतो की 20 वर्षीय पुत्री नेहा कुमारी और निजी क्लीनिक में इलाजरत छात्रा की पहचान मनोहर यादव की पुत्री अंजनी कुमारी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा छात्राओं और स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली गई और जांच-पड़ताल में जुट गई है।
कोचिंग से घर लौट रही थीं छात्राएं
बताया जाता है कि जमुई में कोचिंग की पढ़ाई कर तीन छात्राओं समेत आधा दर्जन से अधिक लोग ई-रिक्शा पर सवार होकर अपने घर भगवाना की ओर जा रहे थे। जैसे ही ई-रिक्शा महिसौड़ी चौक से आगे बढ़ी, इसी दौरान ई-रिक्शा से धीरे-धीरे धुआं उठने लगा। धुआं देखकर छात्रा ने ई-रिक्शा चालक को इसकी सूचना दी, लेकिन ई-रिक्शा चालक ईयरफोन कान में लगाए आगे बढ़ता रहा। कई बार बोलने के बावजूद ई-रिक्शा चालक नहीं रुका। नतीजतन, अचानक ई-रिक्शा की बैटरी फट गई और देखते ही देखते आग ने पूरे ई-रिक्शा को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगते ही मौके पर मची अफरा-तफरी
ई-रिक्शा में आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ क्षण के लिए भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों की काफी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। लोग ई-रिक्शा पर सवार छात्राओं को बचाने और आग बुझाने में जुट गए, लेकिन आग इतनी तीव्र थी कि बाद में अग्निशमन वाहन के पहुंचने के बाद आग पर काबू पाया गया। इस अगलगी के दौरान ई-रिक्शा चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है।
ये भी पढ़ें: वैशाली में नशे के कारोबार पर पुलिस का एक्शन, 20 ग्राम मादक पदार्थ के साथ आरोपी गिरफ्तार