नागौर में ANTF ने कार्रवाई करते हुए 100 किलो से अधिक डोडा चूरा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपी कार से भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया।
नागौर (राजस्थान)। राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने नागौर जिले के थांवला थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 100 किलो 630 ग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा चूरा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान तस्करों ने कार दौड़ाकर भागने की कोशिश की, लेकिन ANTF टीम ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया।
नाकाबंदी के दौरान मिली तस्करी की सूचना
महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि थांवला थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान सूचना मिली थी कि एक होंडा सिटी कार में भारी मात्रा में डोडा चूरा भरकर अजमेर से मेड़ता की ओर सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर ANTF टीम ने टहला गांव के पास निगरानी शुरू की।कुछ देर बाद संदिग्ध होंडा सिटी कार (DL-4-CAH-3580) दिखाई दी।
पुलिस को देखकर भागे तस्कर
टीम ने कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन भगाने का प्रयास किया। इस दौरान सरकारी वाहन से पीछा कर कार को रोकने की कोशिश की गई, मगर तस्करों ने यू-टर्न लेकर फरार होने का प्रयास किया।
लगातार पीछा कर पुलिस ने दबोचे तस्कर
ANTF टीम ने तत्परता दिखाते हुए स्टॉप स्टीक का उपयोग कर कार के टायर पंचर कर दिए, लेकिन इसके बावजूद आरोपी कार को टहला गांव और खेतों के कच्चे रास्तों से भगाते रहे। लगातार पीछा करने के बाद टीम ने कार और उसमें सवार दोनों आरोपियों को डिटेन कर लिया। स्थानीय पुलिस को मौके पर बुलाकर कार की तलाशी ली गई, जिसमें बीच की सीट और डिक्की में रखे चार प्लास्टिक कट्टों से 100 किलो 630 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ और कार को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों की हुई पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामनिवास उर्फ मिर्धा पुत्र बंशीलाल विश्नोई (38 वर्ष) निवासी चकढ़ाणी, थाना कुचेरा और ओमप्रकाश पुत्र हड़मानराम विश्नोई (35 वर्ष) निवासी चकढ़ाणी, थाना कुचेरा, जिला नागौर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ओमप्रकाश एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित चल रहा था, जबकि दोनों आरोपियों के खिलाफ नागौर एवं भीलवाड़ा जिलों के विभिन्न थानों में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
प्रदेश में ड्रग्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई
नागौर ANTF प्रभारी निरीक्षक इमरान खान ने बताया कि प्रदेश में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। ANTF की टीमें लगातार सूचना तंत्र को मजबूत कर कार्रवाई कर रही हैं और भविष्य में भी ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
तस्करों पर लगातार शिकंजा कस रही ANTF
वहीं महानिरीक्षक विकास कुमार ने कार्रवाई को टीम की सतर्कता, पेशेवर रणनीति और त्वरित प्रतिक्रिया का परिणाम बताते हुए कहा कि राजस्थान में नशे के कारोबार पर प्रभावी प्रहार जारी रहेगा तथा मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।
यह भी पढ़ेंः औरंगाबाद में उत्पाद विभाग के कार्रवाई मे ट्रक चालक गिरफ्तार, 16 बोरा डोडा बरामद