अमदाबाद थाना क्षेत्र में बंगाल सीमा से सटे बहरसाल दियारा में दो महिलाओं पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया।
कटिहार {बिहार} : अमदाबाद थाना क्षेत्र में बंगाल सीमा से सटे बहरसाल दियारा में दो महिलाओं पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है और जिंदगी की जंग लड़ रही है। वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के हरिशचंद्रपुर की रहने वाली चंद्रिका मंडल और रुम्पा मंडल मवेशियों के लिए चारा लेने बहरसाल दियारा आई थीं।
चारा लेने दियारा पहुंची थीं दोनों महिलाएं
दोनों महिलाएं इस इलाके में अक्सर घास काटने आती थीं। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने दोनों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में चंद्रिका मंडल की मौत हो गई जबकि रुम्पा मंडल गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल रुम्पा को इलाज के लिए मालदा ले जाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं चंद्रिका मंडल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही बिहार और पश्चिम बंगाल दोनों राज्यों की पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और वारदात के पीछे की वजह और आरोपियों का पता लगाने में जुटी है। इधर दोनों महिलाओं के साथ दुष्कर्म किए जाने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही इस मामले में स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी। दोनों महिलाओं के इस इलाके में अक्सर चारा लेने आने की बात सामने आई है। ऐसे में पुलिस कई एंगल से पूरे मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश में स्कूली बच्चों की सुरक्षा और बाढ़ राहत कार्यों को लेकर सरकार सख्त, चलाए जा रहे हैं विशेष अभियान