ओबरा मुख्यालय के बेल मोड़ के समीप सोमवार दोपहर दो बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक ही बाइक पर सवार दो युवक घायल हो गए।
औरंगाबाद (बिहार)। ओबरा मुख्यालय के बेल मोड़ के समीप सोमवार दोपहर दो बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर में एक ही बाइक पर सवार दो युवक घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर उमड़ पड़ी और बाइक सवार घायल दोनों युवकों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओबरा लाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया।
टक्कर मारकर दूसरा बाइक चालक फरार
बताया जाता है कि हादसे के बाद दूसरा बाइक चालक वहां से फरार हो गया। घायल हुए दोनों बाइक सवारों की पहचान फेसर थाना क्षेत्र के बघोई गांव निवासी 20 वर्षीय रौशन कुमार, पिता अजय यादव तथा 17 वर्षीय छोटू कुमार, पिता लक्ष्मण यादव के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर किसी काम से ओबरा बाजार आ रहे थे। इसी दौरान बेल मोड़ के समीप विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
जबरदस्त टक्कर से दूर जा गिरे युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर काफी दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सदर अस्पताल में दोनों युवकों का इलाज चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बेल मोड़ के आसपास अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से उस क्षेत्र में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने तथा वाहन चालकों पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें: मदुरै मंदिर के पास 17 वर्षीय लड़के की हत्या, छिड़ा सियासी घमासान