मुजफ्फरपुर में नदी पार करने की बाजी को लेकर हुए विवाद में धारदार हथियार से दो युवकों के घायल होने से इलाके में हड़कंप मच गया है।
मुजफ्फरपुर (बिहार)। सकरा थाना क्षेत्र के मछही पंचायत स्थित वार्ड संख्या-11 में नदी पार करने की बाजी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान दो युवकों पर धारदार हथियार से वार कर घायल कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया।
एक के गर्दन और दूसरे के हाथ पर वार
घायलों की पहचान रूपेश पासवान के 22 वर्षीय पुत्र गोलू कुमार और पल्लू राय के 23 वर्षीय पुत्र संजीत कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि गोलू कुमार की गर्दन पर वार किया गया, जबकि संजीत कुमार के हाथ पर धारदार हथियार से हमला किया गया। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
नदी पार करने को लेकर लगी थी बाजी
ग्रामीणों के अनुसार, तीनों युवकों के बीच नदी पार करने को लेकर बाजी लगी थी। आरोप है कि बाजी में सुनील कुमार उर्फ बम हार गया। इसके बाद बाजी जीतने वाले युवकों ने उससे पैसे की मांग की। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते सुनील कुमार उर्फ बम ने दोनों युवकों पर धारदार हथियार से वार कर दिया।
ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हालांकि, घटना के पीछे के कारणों और इस्तेमाल किए गए हथियार को लेकर पुलिस की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
यह भी पढ़ेंः कटिहार में दिनदहाड़े बीच बाजार अधिवक्ता गुड्डू अंसारी की गोली मारकर हत्या