अमेठी के दुर्गापुर बाजार के पास शुक्रवार सुबह अनियंत्रित पिकअप ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी।
Uncontrolled Pickup Truck Hits Bike, Killing One Youth and Injuring His Companion |
अमेठी (उत्तर प्रदेश)। दुर्गापुर बाजार के पास चौधरी फिलिंग स्टेशन के निकट शुक्रवार सुबह अनियंत्रित पिकअप ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में रेवड़ा निवासी शिवम वर्मा (26) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी सुमित वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
सामने से आ रही अनियंत्रित पिकअप से बाइक की जोरदार टक्कर
परिजनों के अनुसार शिवम वर्मा सूरत शहर में रहकर नौकरी करता था और सूरत से अपने घर रेवड़ा लौट रहा था। तेज बारिश के कारण वह रास्ते में अहिमाने बाजार स्थित अपनी बहन के घर रुक गया था। शुक्रवार सुबह वह बाइक से घर के लिए निकला। दुर्गापुर बाजार के पास चौधरी फिलिंग स्टेशन के निकट पहुंचते ही सामने से आ रही अनियंत्रित पिकअप ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
शिवम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
टक्कर इतनी भीषण थी, कि शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठे सुमित वर्मा को भी गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पीपरपुर थाना प्रभारी अरुण मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल सुमित को उपचार के लिए अस्पताल भेजा और शिवम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
परिजनों के मुताबिक शिवम तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। करीब पांच वर्ष पहले उसका विवाह हुआ था और उसका लगभग दो वर्ष का एक बेटा है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे में शामिल पिकअप और उसके चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ेंः घर में घुसकर कुल्हाड़ी से बुजुर्ग महिला की हत्या, आरोपित गिरफ्तार