प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

रोहिणी जेल में सनसनीखेज वारदात

दिल्ली की रोहिणी जेल के अंदर दो कैदियों ने विचाराधीन कैदी की धारदार हथियार से की हत्या

दिल्ली के केंद्रीय जेल नंबर 10 के अंदर सोमवार को दो कैदियों ने आपसी रंजिश के चलते एक कैदी प्रदीप उर्फ मोहिंदर पर धारदार वस्तु से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

दिल्ली की रोहिणी जेल के अंदर दो कैदियों ने विचाराधीन कैदी की धारदार हथियार से की हत्या

मृतक प्रदीप |

नई दिल्ली (भारत)। दिल्ली के रोहिणी में केंद्रीय जेल नंबर 10 के अंदर दो कैदियों ने सोमवार को एक विचाराधीन कैदी की कथित तौर पर धारदार वस्तु से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

मृतक की पहचान प्रदीप उर्फ मोहिंदर के रूप में

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान प्रदीप उर्फ मोहिंदर (31) के रूप में हुई है, जो न्यायिक हिरासत में जेल की बैरक संख्या 203 में बंद था। अधिकारियों ने प्रारंभिक जानकारी के आधार पर बताया कि प्रदीप अपनी बैरक की ओर लौट रहा था कि दो अन्य कैदियों ने उस पर कथित तौर पर धारदार वस्तु से हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

समयपुर बादली थाने में मामला दर्ज

उन्होंने बताया कि इस संबंध में समयपुर बादली थाने में मामला दर्ज किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जेल और अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की जा रही है। प्रदीप की बहन निशा ने आरोप लगाया कि हमले के बाद जेल कर्मचारियों ने उसके भाई को समय पर सहायता नहीं दी।

घटना के दौरान लगभग चार से पांच लोग मौजूद

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘मेरा चचेरा भाई उससे (मोहिंदर) मिलने गया था। मुलाकात के बाद उसे धारदार चीज़ मार दी गई और जेल कर्मचारियों ने उसे बचाने के लिए कुछ नहीं किया। एक घंटे के बाद वे उसे अस्पताल ले गए। उन्होंने हमें कुछ नहीं बताया।’’ निशा ने दावा किया कि घटना के दौरान लगभग चार से पांच लोग मौजूद थे।

तीन अक्टूबर को प्रदीप को  मिलने वाली थी जमानत

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद तेज धार वाली वस्तु जेल परिसर में कैसे पहुंच सकती है। निशा ने यह भी कहा कि प्रदीप हत्या के एक मामले में करीब डेढ़ साल से जेल में बंद था और उसे तीन अक्टूबर को जमानत मिलने वाली थी। निशा ने आरोप लगाया, ‘‘इसीलिए उन्होंने उसकी हत्या कर दी।’’ (इनपुटः भाषा)

यह भी पढ़ेंः मेरठ में संपत्ति विवाद और आपसी कलह में दो महिलाओं की हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार

Related to this topic: