बहराइच में रेलवे की तीसरी डाउन लाइन के किनारे करीब 20 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिला। पुलिस ने ट्रेन की चपेट में आने की आशंका जताते हुए जांच शुरू कर दी है।
बहराइच (उत्तर प्रदेश)। बहराइच जिले के जरवल रोड थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अलीनगर मिर्जापुर के सामने पारा-परशुरामपुर बॉर्डर के पास रेलवे की तीसरी डाउन लाइन के किनारे करीब 20 वर्षीय अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। की-मैन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
ट्रेन की चपेट में आने की आशंका, युवक की पहचान नहीं
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से होने की आशंका जताई है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव की पहचान सुनिश्चित करने के लिए फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई है। मृतक ने काली टी-शर्ट और नीली लोअर पहन रखी थी। उसके दाहिने हाथ में कलावा और राखी बंधी हुई थी। युवक का रंग गेहुआं बताया गया है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव, पहचान में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में संभावना है कि युवक ट्रेन से गिरकर रेलवे लाइन पर आ गया, जिससे हादसा हुआ। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बहराइच भेज दिया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी के परिवार का करीब 20 वर्षीय युवक लापता है और उसका हुलिया मृतक से मेल खाता है, तो तत्काल जरवल रोड पुलिस से संपर्क करें। पहचान होने के बाद शव को परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: औरंगाबाद में करंट की चपेट में आने से मिठाई-पकौड़ी दुकानदार की मौत, बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप