प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

30 लाख का इनामी नक्सली ढेर

वाराणसी में यूपी एटीएस और 30 लाख के इनामी नक्सली बृजेश गंजू के बीच मुठभेड़

वाराणसी के रामनगर क्षेत्र में यूपी एटीएस के साथ हुई मुठभेड़ में 30 लाख रुपये का इनामी कुख्यात नक्सली बृजेश गंजू मारा गया।

वाराणसी में यूपी एटीएस और 30 लाख के इनामी नक्सली बृजेश गंजू के बीच मुठभेड़

Varanasi Encounter |

वाराणसी (उत्तर प्रदेश)। रामनगर थाना क्षेत्र के टेंगरा मोड़ के पास रविवार सुबह यूपी एटीएस की टीम और 30 लाख रुपये के इनामी नक्सली बृजेश गंजू उर्फ गोपाल सिंह के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से बृजेश घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बृजेश झारखंड पुलिस और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की वांटेड सूची में शामिल था।

झारखंड में बृजेश गंजू पर 25 लाख रुपये का इनाम

झारखंड सरकार ने बृजेश गंजू पर 25 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था, जबकि NIA की ओर से उस पर पांच लाख रुपये का इनाम था। मुठभेड़ के बाद एटीएस ने झारखंड सरकार और NIA को बृजेश के मारे जाने की सूचना दे दी है। एटीएस के मुताबिक, टीम को सूचना मिली थी कि बृजेश गंजू रामनगर क्षेत्र में मौजूद है और टेंगरा मोड़ से बाइक पर कहीं जाने वाला है। सूचना के आधार पर एटीएस ने इलाके में घेराबंदी की। कुछ देर बाद बाइक सवार बृजेश आता दिखाई दिया। टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोप है कि उसने एटीएस कर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी।

दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग

इसके बाद दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई। एटीएस के डिप्टी एसपी विपिन राय के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से बृजेश घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, बृजेश की ओर से की गई फायरिंग में एटीएस के हेड कांस्टेबल नितेंद्र कृष्ण को भी गोली लगी। हालांकि उन्होंने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होने से बच गए। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

बृजेश के शव को पुलिस सुरक्षा में मोर्चरी में रखवाया

एटीएस के अनुसार बृजेश लंबे समय से वांटेड था और नक्सली गतिविधियों से जुड़े मामलों में उसकी तलाश की जा रही थी। अब जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि वह वाराणसी में कब से रह रहा था और यहां उसे किसने ठिकाना या संरक्षण दिया था। उसके खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल बृजेश के शव को पुलिस सुरक्षा में मोर्चरी में रखवाया गया है। एटीएस की टीम मुठभेड़ के घटनाक्रम के साथ उसके वाराणसी में ठहरने और स्थानीय संपर्कों की भी जांच कर रही है। 

यह भी पढ़ेंः सिंगरौली में अनियंत्रित होकर पलटी तेज रफ्तार बस, एक यात्री की मौत और कई घायल

Related to this topic: