उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने शैक्षणिक वर्ष 2026 के लिए हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं का परिणाम घोषित कर दिया है। इस वर्ष 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 90.42 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे हैं।
प्रयागराज (यूपी)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने शैक्षणिक वर्ष 2026 के लिए हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं का परिणाम घोषित कर दिया है। प्रयागराज स्थित बोर्ड मुख्यालय से आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए नतीजों की आधिकारिक घोषणा की गई। इस वर्ष 10वीं की बोर्ड परीक्षा में 90.42 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे हैं, जबकि 12वीं का कुल पास प्रतिशत 80.38 दर्ज किया गया है। परिणामों की घोषणा के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
10वीं की मेरिट लिस्ट में लड़कियों का दबदबा
हाईस्कूल के परिणामों में इस बार कड़ा मुकाबला देखने को मिला है। सीतापुर की कशिश वर्मा और बाराबंकी की अंशिका वर्मा ने संयुक्त रूप से प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। इन दोनों मेधावियों ने 97.83 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसी क्रम में बाराबंकी की ही अदिति 97.50 फीसदी अंकों के साथ दूसरे पायदान पर रहीं। तीसरे स्थान के लिए तीन छात्रों के बीच साझा कब्जा रहा, जिसमें सीतापुर की अर्पिता, झांसी के ऋषभ साहू और बाराबंकी की परि वर्मा शामिल हैं। इन तीनों विद्यार्थियों ने 97.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
इंटरमीडिएट में शिखा वर्मा ने मारी बाजी
यूपी बोर्ड 12वीं के नतीजों में भी बेटियों ने सफलता का परचम लहराया है। सीतापुर की शिखा वर्मा 97.60 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश की टॉपर बनी हैं। वहीं दूसरे स्थान पर बरेली की नंदनी गुप्ता और बाराबंकी की श्रेया वर्मा ने अपनी जगह बनाई है। इन दोनों ने ही 97.20 प्रतिशत अंक अर्जित किए। तीसरे स्थान पर भी दो छात्राओं का कब्जा रहा, जिनमें बरेली की सुरभि यादव और बाराबंकी की पूजा पाल के नाम शामिल हैं। इन दोनों मेधावियों ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉपर्स सूची में अपनी जगह सुनिश्चित की।
इन माध्यमों से चेक करें अपना परिणाम
विद्यार्थी अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in, upresults.nic.in और results.digilocker.gov.in पर जाकर देख सकते हैं। इसके लिए परीक्षार्थियों को अपने रोल नंबर का प्रयोग करना होगा। वेबसाइट के साथ-साथ यह परिणाम डिजिलॉकर और उमंग ऐप पर भी उपलब्ध कराए गए हैं। इंटरनेट की समस्या होने पर छात्र SMS के माध्यम से भी अपना स्कोरकार्ड प्राप्त कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/business/sensex-cracks-850-points-amid-west-asia-tensions/178679
मिडिल ईस्ट तनाव के बीच शेयर बाजार धड़ाम, रुपया 94 के पार