लखनऊ में मुख्य सचिव एसपी गोयल ने मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में ‘हर घर तिरंगा’, डिजिटल लाइब्रेरी, राजस्व मामलों और स्वतंत्रता दिवस तैयारियों की समीक्षा की गई।
UP Chief Secretary Reviews Har Ghar Tiranga Campaign, Sets 5 Crore Flag Target |
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। लखनऊ में मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में प्रदेश के सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में पंचायतीराज योजनाओं, लंबित राजस्व मामलों, डिजिटल लाइब्रेरी, स्वच्छता कार्यों और आगामी स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के निर्देश दिए।
डिजिटल लाइब्रेरी में फर्नीचर और पुस्तकों की आपूर्ति जल्द पूरी करने के निर्देश
पंचायतीराज विभाग की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि जिन जनपदों में डिजिटल लाइब्रेरी के लिए फर्नीचर एवं पुस्तकों की आपूर्ति शेष है, वहां संबंधित वेंडरों से समन्वय स्थापित कर तत्काल आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने कहा कि आपूर्ति पूर्ण होने के बाद लंबित भुगतानों का भी समयबद्ध निस्तारण किया जाए।
डिजिटल लाइब्रेरी उपकरणों की आपूर्ति और गुणवत्ता जांच पर जोर
साथ ही भुगतान से पूर्व सामग्री की गुणवत्ता का परीक्षण अनिवार्य रूप से कराया जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को डिजिटल लाइब्रेरी के लिए कंप्यूटर, सॉफ्टवेयर तथा अन्य आवश्यक उपकरणों की आपूर्ति भी शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अवगत कराया गया कि अब तक लगभग 90 प्रतिशत फर्नीचर तथा 97 प्रतिशत पुस्तकों की आपूर्ति पूर्ण की जा चुकी है।
स्वच्छता योजनाओं और पंचायत उत्सव भवन निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
मुख्य सचिव ने व्यक्तिगत घरेलू शौचालय (आईएचएचएल) निर्माण तथा सॉलिड एवं लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट (एसएलडब्ल्यूएम) के अंतर्गत निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करते हुए प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत उत्सव भवन निर्माण के संबंध में शेष 11 जनपदों—देवरिया, गोण्डा, हापुड़, हाथरस, जौनपुर, कौशाम्बी, मैनपुरी, मऊ, मुरादाबाद, संतकबीरनगर एवं सीतापुर को कम से कम एक प्रस्ताव तत्काल विभाग को भेजने के निर्देश दिए। साथ ही स्वीकृत परियोजनाओं की लंबित निविदा प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराने को कहा।
पांच साल पुराने राजस्व मामलों के निस्तारण के लिए विशेष अभियान
राजस्व वादों की समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि पांच वर्ष अथवा उससे अधिक समय से लंबित मामलों के निस्तारण के लिए तीन माह का विशेष अभियान चलाया जाए। अभियान के दौरान प्रतिदिन सुनवाई कर प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा न्यायिक अधिकारियों के कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा भी की जाए। उन्होंने नवीन वादों का भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने पर बल दिया।
प्रदेश में 93 हजार से अधिक पुराने राजस्व वाद लंबित
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में विभिन्न स्तरों पर पांच वर्ष से अधिक अवधि के कुल 93,048 राजस्व वाद लंबित हैं, जिनमें राजस्व परिषद स्तर पर 23,210, मंडल स्तर पर 32,594, जनपद स्तर पर 23,680 तथा तहसील स्तर पर 13,564 वाद शामिल हैं।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान में 5 करोड़ घरों पर ध्वज फहराने का लक्ष्य
बैठक में आगामी 'हर घर तिरंगा' अभियान की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने बताया कि इस वर्ष प्रदेश में 5 करोड़ घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान तथा देश के गौरवशाली इतिहास से जन-जन को जोड़ने का व्यापक जनआंदोलन है। इस अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जाए। इस कार्य में एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र, मंगल दल, सिविल डिफेंस सहित विभिन्न संगठनों का सहयोग लिया जाए।
सेल्फी विद तिरंगा अभियान को सफल बनाने के निर्देश
उन्होंने सभी जिलाधिकारियों से कहा कि 'सेल्फी विद तिरंगा' अभियान को व्यापक रूप से संचालित करते हुए अधिकाधिक लोगों से 'हर घर तिरंगा' पोर्टल पर सेल्फी अपलोड कराई जाए, ताकि उत्तर प्रदेश गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी देश में प्रथम स्थान प्राप्त कर सके। उन्होंने प्रमुख स्थानों पर तिरंगे की बिक्री एवं वितरण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
स्वतंत्रता दिवस और काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस कार्यक्रमों की तैयारी
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि 9 अगस्त को काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस तथा 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के सभी कार्यक्रम पूरे सम्मान, गरिमा एवं राष्ट्रभक्ति के साथ आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि 9 से 15 अगस्त तक प्रदेशभर में स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों, स्मृति स्थलों एवं शहीद स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएं तथा इन स्थलों की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई, साज-सज्जा एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं अमर शहीदों के परिजनों का सम्मान भी किया जाए।
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर कार्यक्रमों की तैयारी के निर्देश
उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर लखनऊ में मौन जुलूस के साथ प्रदर्शनी, लघु फिल्म प्रदर्शन एवं नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने इन कार्यक्रमों की सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सिनेमाघरों में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान प्रसारण अनिवार्य करने के निर्देश
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि 14 एवं 15 अगस्त को प्रदेश के सभी सिनेमाघरों में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का अनिवार्य प्रसारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जनपद स्तर पर आयोजित सभी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए।
राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और ध्वज संहिता पालन पर जोर
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने घर, विद्यालय एवं सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज का सम्मानपूर्वक ध्वजारोहण करते हुए ध्वज संहिता का पूर्ण पालन करे। ध्वज उतारने के बाद उसे सम्मानपूर्वक मोड़कर सुरक्षित रखा जाए। उन्होंने ध्वज फहराने की विधि एवं आवश्यक सावधानियों से संबंधित जागरूकता वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश भी दिए।
स्वयं सहायता समूहों को राष्ट्रीय ध्वज तैयार करने का लक्ष्य
बैठक में जानकारी दी गई कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (यूपीएसआरएलएम) के माध्यम से 2 करोड़ तथा राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (एनयूएलएम) के माध्यम से 1 करोड़ राष्ट्रीय ध्वज तैयार कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
शैक्षणिक संस्थानों में प्रतियोगिताओं और तिरंगा महोत्सव की तैयारी
यह भी बताया गया कि 6 से 8 अगस्त तक सभी शैक्षणिक संस्थानों में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा तथा शहीद स्थलों, प्रतिमाओं एवं तोरण द्वारों की साफ-सफाई और रंग-रोगन कराया जाएगा। 9 से 12 अगस्त तक सभी जनपदों में जनभागीदारी के साथ तिरंगा महोत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रम, तिरंगा मेले, स्वयं सहायता समूहों एवं ओडीओपी उत्पादों की प्रदर्शनियां तथा 'सेल्फी विद तिरंगा' अभियान संचालित किया जाएगा।
तिरंगा रैली और ध्वजारोहण कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार
वहीं 13 से 15 अगस्त तक सभी जनपदों में तिरंगा रैली आयोजित होगी तथा रैली से पूर्व सामूहिक रूप से 'वंदे मातरम्' का गायन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त शासकीय कार्यालयों, शहीद स्मारकों एवं अमृत सरोवरों पर ध्वजारोहण तथा तिरंगा प्रकाश की विशेष व्यवस्था की जाएगी।
लखनऊ में काकोरी दिवस पर होंगे विशेष कार्यक्रम
बैठक में लखनऊ में आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रमों की भी जानकारी दी गई। 9 अगस्त को काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस के अवसर पर यूथ कनेक्ट तिरंगा रैली, वीरों को नमन कार्यक्रम, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान, तिरंगा प्रदर्शनी, सेल्फी प्वाइंट तथा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त घंटाघर चौक, 1090 चौराहा, हजरतगंज, जनेश्वर मिश्र पार्क, एमरल्ड मॉल एवं लूलू मॉल सहित विभिन्न स्थानों पर तिरंगा संगीत समारोह (कॉन्सर्ट) का आयोजन प्रस्तावित है।
यह भी पढ़ें: डिंपल यादव का भाजपा सरकार पर हमला, बोलीं- अभिव्यक्ति की आजादी और छात्रों के मुद्दों को दबाया जा रहा