उत्तर प्रदेश का निर्यात अब 2 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है। इसके साथ ही यूपी देश का पांचवां सबसे बड़ा निर्यातक राज्य बन गया है।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश का निर्यात अब 2 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है। डीजीसीआईएस के आंकड़ों के अनुसार यूपी का निर्यात 2,01,241 करोड़ रुपये पहुंच गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 8.16 फीसदी अधिक है। यह बढ़ोतरी राष्ट्रीय औसत 5.45 फीसदी से भी बेहतर है।
निर्यात करने में देश का पांचवां राज्य बना उत्तर प्रदेश
यूपी अब देश का पांचवां सबसे बड़ा निर्यातक राज्य बन गया है। हालांकि, गुजरात, महाराष्ट्र, तमिलनाडु और कर्नाटक अब भी इससे आगे हैं। निर्यात वृद्धि दर में उत्तर प्रदेश ने हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश को पीछे छोड़ दिया है। निर्यात बढ़ाने में ओडीओपी, एमएसएमई और औद्योगिक इकाइयों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
निर्यात वृद्धि से रोजगार में होगी बढ़ोतरी
हालांकि, उत्तर प्रदेश के सामने समुद्री बंदरगाहों की कमी और उच्च लॉजिस्टिक लागत जैसी चुनौतियां भी हैं। उच्च तकनीक और इलेक्ट्रॉनिक्स के निर्यात में हिस्सेदारी बढ़ाने की जरूरत है। राज्य सरकार अब 3 लाख करोड़ रुपये के निर्यात लक्ष्य की दिशा में रणनीति तैयार कर रही है। निर्यात वृद्धि से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और रोजगार सृजन में भी मदद मिलेगी।