उत्तर प्रदेश में धान की बुवाई से पहले उर्वरक निर्माता कंपनियों द्वारा निर्धारित प्रतिबद्धताओं के अनुरूप खाद की कम आपूर्ति और डायवर्जन पर राज्य के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने गंभीर चिंता जतायी है।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में धान की बुवाई से पहले उर्वरक निर्माता कंपनियों द्वारा निर्धारित प्रतिबद्धताओं के अनुरूप खाद की कम आपूर्ति और डायवर्जन पर राज्य के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने गंभीर चिंता जतायी है। उन्होने किसानों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर समय से पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध कराने के कंपनियों को निर्देश दिए।
उर्वरक आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा बैठक
यूपी के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने विधानसभा स्थित सभागार में उर्वरक कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर प्रदेश में उर्वरक आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उर्वरकों की कम आपूर्ति, डायवर्जन तथा कंपनियों द्वारा निर्धारित प्रतिबद्धताओं को पूरा न करने के मुद्दों पर गंभीर चर्चा की गई।
किसानों की जरूरत सर्वोच्च प्राथमिकता
बैठक में कृषि मंत्री ने अधिकारियों के साथ उर्वरक कंपनियों के प्रदर्शन पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों की आवश्यकताओं के अनुरूप समय पर पर्याप्त उर्वरक उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कुछ कंपनियों द्वारा आवंटन के बावजूद अपेक्षित मात्रा में उर्वरक की आपूर्ति न करना गंभीर लापरवाही है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने उर्वरक आपूर्ति की मॉनिटरिंग ठीक से न करने पर जिम्मेदार अधिकारी को भी फटकार लगाई।
खराब प्रदर्शन पर होगी कड़ी कार्रवाई
कृषि मंत्री ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जिन कंपनियों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं है, उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसमें ब्लैकलिस्टिंग, वित्तीय दंड तथा अन्य दंडात्मक प्रावधानों को लागू करने पर भी विचार किया जाएगा। उन्होंने कंपनियों को चेतावनी दी कि यदि भविष्य में भी प्रतिबद्धताओं का पालन नहीं किया गया तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
सरकार ने दिए आपूर्ति सुचारु रखने के निर्देश
कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उर्वरकों की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि भविष्य की रणनीति इस प्रकार तैयार की जाए जिससे आपूर्ति व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा न आए और किसानों को समय पर पर्याप्त उर्वरक मिल सके।
निगरानी के लिए सुदृढ़ प्रणाली बनेगी
प्रमुख सचिव श्री रवींद्र द्वारा उर्वरक आपूर्ति एवं वितरण की प्रभावी निगरानी के लिए एक सुदृढ़ प्रणाली विकसित करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कंपनियों को अपनी आपूर्ति श्रृंखला से संबंधित सभी विवरण स्पष्ट रूप से प्रस्तुत करने होंगे तथा किसी भी प्रकार के विचलन पर तत्काल स्पष्टीकरण देना होगा।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर कृषि निदेशक डॉ. पंकज त्रिपाठी, अपर निदेशक आशुतोष मिश्रा, संयुक्त निदेशक अजय कृष्णा तथा उर्वरक कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े: एयर टर्बाइन फ्यूल कीमतों में 100% उछाल
https://www.primenewsnetwork.in/state/air-turbine-fuel-prices-surge-100/153460