प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

एआई और सेमीकंडक्टर में क्षमता बढ़ा रहा उप्र

एआई और सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में नई छलांग लगा रहा यूपी: सुनील कुमार शर्मा

सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि यूपी एआई, सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर के क्षेत्र में क्षमता बढ़ा रहा है। कृषि से एआई और आईटी को जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है।

एआई और सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में नई छलांग लगा रहा यूपी सुनील कुमार शर्मा

UP making a major leap in the fields of AI and semiconductors: Sunil Kumar Sharma |

ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश)। यूपीज जर्नी फ्रॉम इलेक्ट्रॉनिक्स लीडर टू एआई एंड सेमीकंडक्टर पावरहाउस सत्र में आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब इलेक्ट्रॉनिक्स और मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), सेमीकंडक्टर और डेटा सेंटर के क्षेत्र में भी अपनी क्षमता विकसित कर रहा है। उन्होंने कहा कि एआई और आईटी का कृषि तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़ाव प्रदेश के विकास को नई दिशा दे सकता है।

कृषि से एआई और आईटी को जोड़ने पर जोर

मंत्री ने बताया कि हाल में 52 स्टार्टअप के साथ हुई बैठक में सामने आया कि बड़ी संख्या में स्टार्टअप फूड सप्लाई से जुड़े हैं, जबकि कृषि क्षेत्र में एआई का इस्तेमाल करने वाले स्टार्टअप की संख्या अभी कम है। उन्होंने इसे अवसर बताते हुए कहा कि एआई और आईटी को कृषि आधारित उद्योगों से जोड़कर किसानों की आय और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है।

मक्का की खेती और इथेनॉल उत्पादन का उदाहरण

सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि प्रदेश में मक्का की खेती को इथेनॉल उत्पादन से जोड़ने के बाद किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इसी तरह तकनीक आधारित समाधान कृषि क्षेत्र में व्यापक बदलाव ला सकते हैं।

निवेशकों के लिए नीतिगत सुधार पर जोर

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार निवेशकों को अनुकूल वातावरण देने के लिए लगातार नीतियों में आवश्यक बदलाव कर रही है। उद्योगों की जरूरत के अनुरूप मुख्यमंत्री के स्तर से नीतिगत सुधार किए जाते हैं। निवेशकों को प्रोत्साहन राशि देने की प्रक्रिया में पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

निवेश प्रोत्साहन की फाइलें लंबित न रखने की व्यवस्था

मंत्री ने बताया कि विभाग में निवेश प्रोत्साहन से संबंधित कोई फाइल लंबित न रखने की व्यवस्था की गई है। पिछले एक वर्ष में करीब 500 से 600 करोड़ रुपये के प्रोत्साहन वितरित किए गए हैं। सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने बीते वर्षों में औद्योगिक और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में बड़ा परिवर्तन देखा है। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे, इलेक्ट्रॉनिक्स और मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग तथा एयर कनेक्टिविटी के क्षेत्र में यूपी देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।

रक्षा उत्पादन में बदलाव का उल्लेख

मंत्री ने रक्षा उत्पादन में हुए बदलाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जहां कभी अवैध हथियार निर्माण की चर्चा होती थी, वहीं आज प्रदेश में ब्रह्मोस मिसाइल और एके-203 जैसी आधुनिक रक्षा प्रणालियों के निर्माण की दिशा में काम हो रहा है। सुनील कुमार शर्मा ने प्रदेश के बढ़ते बजट को आर्थिक विस्तार से जोड़ते हुए कहा कि 2017 में राज्य का बजट करीब 3.36 लाख करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर लगभग 9.72 लाख करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने इसे बढ़ती आर्थिक गतिविधियों, निवेश और राजस्व क्षमता का संकेत बताया।

सभी जिलों तक तकनीक पहुंचाने का लक्ष्य

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तकनीक और नवाचार के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। प्रदेश सरकार का लक्ष्य इस परिवर्तन को हर जिले तक पहुंचाना है। वर्ष 2026-27 के लिए तकनीक और औद्योगिक विकास को प्रदेश के सभी जिलों तक विस्तार देने के लिए विशेष बजटीय प्रावधान किया गया है।

एआई और सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम से जुड़ने का आह्वान

सुनील कुमार शर्मा ने निवेशकों और तकनीकी विशेषज्ञों से उत्तर प्रदेश के एआई, सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर और इलेक्ट्रॉनिक्स इकोसिस्टम का हिस्सा बनने का आह्वान किया।

यह भी पढ़ें:   डिजिटल मार्केट और मजबूत सप्लाई चेन से यूपी के हस्तशिल्प को मिलेगी वैश्विक पहचान: भूपेंद्र चौधरी

Related to this topic: