रायबरेली जिले के पीएसी कैंपस में चल रही उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती प्रक्रिया के दौरान रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सर्वर की लेटलतीफी के चलते सुबह की दौड़ तेज धूप में करानी पड़ी।
रायबरेली: जिले के पीएसी कैंपस में चल रही उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती प्रक्रिया के दौरान रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सर्वर की लेटलतीफी के चलते सुबह की दौड़ तेज धूप में करानी पड़ी। इसके कारण करीब 21 अभ्यर्थियों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। चक्कर आने और कमजोरी के चलते कई अभ्यर्थी दौड़ते-दौड़ते मैदान में ही अछूते होकर गिर पड़े। आनन-फानन में प्रशासनिक अमले और पुलिसकर्मियों ने सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
सुबह 5 बजे बुलाया, लेकिन 8:30 बजे उतरा गया मैदान में
अभिषेक कुमार और बाराबंकी से भर्ती में शामिल होने आए राघवेंद्र यादव समेत अन्य कई अभ्यर्थियों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उन्हें सुबह पांच बजे ही मैदान में रिपोर्ट करने के लिए बुलाया गया था। नियमानुसार रनिंग सुबह 5:30 बजे होनी थी, लेकिन सर्वर संबंधी तकनीकी समस्या के चलते पूरी प्रक्रिया में भारी देरी हुई। इसके बाद सुबह करीब 8:30 बजे तेज धूप के बीच अभ्यर्थियों को दौड़ के लिए मैदान में उतार दिया गया। लंबा इंतजार करने के बाद चिलचिलाती धूप में कसरत और दौड़ लगाने से कई युवाओं का शरीर जवाब दे गया।
प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
घटना के तुरंत बाद भर्ती स्थल पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए अस्वस्थ अभ्यर्थियों को संभाला और एम्बुलेंस व अन्य माध्यमों से जिला अस्पताल भेजा। अस्पताल में चिकित्सकों की देखरेख में सभी का उपचार किया जा रहा है। इस घटना के बाद से ही पुलिस भर्ती प्रक्रिया के दौरान बरती गई लापरवाही और धूप से बचाव के पुख्ता इंतजाम न किए जाने को लेकर तीखे सवाल खड़े होने लगे हैं।
ये भी पढ़ें: जौनपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई बाइक; युवक की मौत, महिला गंभीर