प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

UP में सड़क विकास को मिलेगी नई रफ्तार

उत्तर प्रदेश में सड़क विकास को मिलेगी नई रफ्तार, गडकरी-योगी ने की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने उत्तर प्रदेश की राष्ट्रीय राजमार्ग व सड़क परियोजनाओं की समीक्षा की।

उत्तर प्रदेश में सड़क विकास को मिलेगी नई रफ्तार गडकरी-योगी ने की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा

UP Road Development to Get New Momentum |

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों और सड़क अवसंरचना से जुड़ी प्रमुख परियोजनाओं की व्यापक समीक्षा की। बैठक में एनएचएआई, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय तथा राज्य सरकार के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक सड़क नेटवर्क निवेश, उद्योग, कृषि, पर्यटन, व्यापार और रोजगार को नई गति देगा। वहीं, नितिन गडकरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में विश्वस्तरीय सड़क संपर्क विकसित करना केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

2014 के बाद सड़क विकास को मिली रफ्तार

बैठक में बताया गया कि वर्ष 2014 के बाद उत्तर प्रदेश में 10,204 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का आवंटन किया गया, जबकि 9,329 किलोमीटर सड़कों का निर्माण पूरा हो चुका है। अप्रैल 2025 से मई 2026 के बीच 606 किलोमीटर नई परियोजनाएं स्वीकृत हुईं और 1,010 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण पूरा किया गया। प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं पर लगभग 1.94 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया गया है।

कई बड़ी परियोजनाओं की हुई समीक्षा

बैठक में मथुरा-बरेली-सितारगंज फोरलेन, आगरा-अलीगढ़ फोरलेन, आगरा-ग्वालियर-झांसी-नागपुर आर्थिक गलियारा, कानपुर रिंग रोड, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) संपर्क मार्ग और मुरादाबाद-काशीपुर परियोजना सहित कई प्रमुख निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा के अनुसार आगे बढ़ रही हैं।

पूर्वांचल और बुंदेलखंड को मिलेगा बेहतर संपर्क

सोनौली-गोरखपुर फोरलेन, गाजीपुर-बलिया-बिहार सीमा राष्ट्रीय राजमार्ग, प्रयागराज सदर्न रिंग रोड और प्रयागराज-जौनपुर-आजमगढ़-दोहरीघाट मार्ग की भी समीक्षा की गई। इन परियोजनाओं से नेपाल सीमा, पूर्वांचल और बिहार के साथ संपर्क मजबूत होगा तथा व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

धार्मिक पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

बैठक में रामवन गमन मार्ग, राम जानकी मार्ग और 84 कोसी परिक्रमा मार्ग की प्रगति की भी समीक्षा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से अयोध्या, चित्रकूट, प्रयागराज, कौशांबी और जनकपुर (नेपाल) जैसे धार्मिक स्थलों तक बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा और धार्मिक पर्यटन को नई ऊर्जा मिलेगी।

भविष्य की परियोजनाओं पर भी बनी रणनीति

अयोध्या-गोंडा, रीवा-रांची फोरलेन और शामली से गोरखपुर तक प्रस्तावित 742 किलोमीटर लंबे एक्सेस कंट्रोल्ड राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कॉरिडोर पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच संपर्क को मजबूत करेगा और औद्योगिक विकास को गति देगा। नितिन गडकरी ने सड़क निर्माण के साथ सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने पर समान रूप से ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना में सुरक्षित डिजाइन, ब्लैक स्पॉट का वैज्ञानिक सुधार और आधुनिक संकेतक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने वृक्षों की कटाई के बजाय आधुनिक तकनीक से उनके प्रत्यारोपण पर भी जोर दिया।

समयबद्ध तरीके से पूरी हों परियोजनाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भूमि अधिग्रहण, वन स्वीकृति और अन्य विभागीय प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से सभी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं समयबद्ध ढंग से पूरी होंगी और उत्तर प्रदेश आधुनिक एवं विश्वस्तरीय सड़क नेटवर्क के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनेगा।

यह भी पढ़े: अश्लील डांस केस में अनंत-गुंजन सिंह कोर्ट पहुंचे, बेल बॉन्ड भरा

Related to this topic: