उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने सिंगापुर, वियतनाम, रूस, बेलारूस, जापान और ऑस्ट्रिया के प्रतिनिधियों के साथ राउंड टेबल मीटिंग किया।
UPITS 2026: CM Yogi holds roundtable meeting with partner country representatives, invites investments |
ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को पार्टनर कंट्रीज के प्रतिनिधियों के साथ राउंड टेबल मीटिंग कर उत्तर प्रदेश में निवेश और कारोबार की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। सिंगापुर, वियतनाम, रूस, बेलारूस, जापान और ऑस्ट्रिया के प्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री ने प्रदेश की औद्योगिक क्षमता और विभिन्न सेक्टरों में उपलब्ध संभावनाओं को साझा किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य होने के साथ ही एक बड़ा बाजार, युवा मानव संसाधन, उर्वरा भूमि और पर्याप्त जल संसाधनों वाला प्रदेश है, जिससे यहां पार्टनर देशों की कंपनियों के लिए निवेश की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।

वियतनाम, रूस और बेलारूस के साथ निवेश पर चर्चा
वियतनाम के प्रतिनिधिमंडल के साथ चर्चा में सीएम योगी ने कंपनियों को यमुना एक्सप्रेसवे अथॉरिटी क्षेत्र में निवेश के लिए आमंत्रित किया और लखनऊ, वाराणसी व नोएडा से वियतनाम के प्रमुख शहरों के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू करने का प्रस्ताव रखा। वहीं, रूसी प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक में उन्होंने कानपुर में रूसी डिफेंस कंपनियों को इकाइयां स्थापित करने और नोएडा एयरपोर्ट के पास बन रहे मेडिकल डिवाइस पार्क व ललितपुर के बल्क ड्रग पार्क में रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेंटर स्थापित करने का न्योता दिया। बेलारूस के साथ बैठक में हेवी मशीनरी, ट्रैक्टर कंपनियों की असेंबलिंग यूनिट और आधुनिक वुड टेक्नोलॉजी को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

जापान और सिंगापुर के साथ आर्थिक साझेदारी को मजबूती
मुख्यमंत्री ने भारत में जापान के राजदूत ओनो केइची और जेईटीआरओ के अधिकारियों के साथ संवाद कर आर्थिक, सांस्कृतिक सहयोग और सारनाथ व नारा प्रीफेक्चर के संबंधों को गहरा करने पर विचार-विमर्श किया। इसके अलावा, सिंगापुर के हाई कमिश्नर साइमन वोंग वी कुएन के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल के साथ प्रस्तावित सिंगापुर सिटी परियोजना की प्रगति और द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा हुई। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न पार्टनर देशों के प्रतिनिधियों के साथ ग्रुप फोटोशूट भी कराया।
यह भी पढ़ें: योगी सरकार ने लॉन्च किया वन डिस्ट्रिक्ट वन कुज़ीन (ODOC) का आधिकारिक पोर्टल, 75 जिलों के स्वाद को मिलेगा वैश्विक मंच