प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

UPITS 2026 को लेकर मंत्री की प्रेस वार्ता

UPITS 2026: ग्रेटर नोएडा में 25 सितंबर से जुटेंगे 85 देशों के खरीदार और 2400+ प्रदर्शक

ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में 25-29 सितंबर तक UPITS 2026 का आयोजन। वैश्विक बाजार से जुड़ेंगे यूपी के MSMEs, उद्यमी और निर्यातक। जानें इस मेगा ट्रेड शो की खास बातें।

upits 2026 ग्रेटर नोएडा में 25 सितंबर से जुटेंगे 85 देशों के खरीदार और 2400+ प्रदर्शक

ITF 4 th edition Brochure released by hon’ble minister Bhupendra singh Chaudhary |

ग्रेटर नोएडा (उत्तर प्रदेश)। प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा है कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो यानी UPITS का चौथा संस्करण उत्तर प्रदेश के उद्यमियों, निर्माताओं, निर्यातकों और कारोबारियों को देश और दुनिया के बाजारों से जोड़ने का बड़ा मंच बनेगा। 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले UPITS 2026 में 2,400 से अधिक प्रदर्शकों, 1.5 लाख से अधिक बीटूबी खरीदारों एवं आगंतुकों, 4.5 लाख से अधिक सामान्य आगंतुकों तथा 85 देशों के 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के शामिल होने की उम्मीद है।

यूपी के MSMEs सेक्टर को मिलेगा वैश्विक मंच

गुरुवार को पत्रकारों को संबोधित करते हुए भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि MSMEs क्षेत्र उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। प्रदेश में 96 लाख से अधिक MSMEs इकाइयां हैं। सरकार ऐसा इकोसिस्टम विकसित कर रही है, जिसमें उद्यम आगे बढ़ सकें, नवाचार कर सकें और वैश्विक बाजारों में प्रतिस्पर्धा कर सकें। UPITS स्थानीय उद्यमों के लिए बाजार पहुंच बढ़ाने के साथ निवेश, व्यावसायिक विस्तार और रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध कराएगा। उन्होंने बताया कि UPITS 2026 का उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। 

छह पार्टनर देश बढ़ाएंगे अंतरराष्ट्रीय सहभागिता

UPITS 2026 का अंतरराष्ट्रीय स्वरूप इस वर्ष और व्यापक होगा। चौथे संस्करण में छह पार्टनर देश ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम भाग लेंगे। इन देशों की भागीदारी से व्यापार साझेदारी, तकनीकी सहयोग, सोर्सिंग, निवेश और नए बाजारों तक पहुंच के अवसर बढ़ेंगे। आयोजन के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय खरीदारों, घरेलू बीटूबी खरीदारों और घरेलू बीटूसी आगंतुकों को एक ही मंच पर जोड़ा जाएगा।

विदेशी खरीदारों में दिख रहा है भारी उत्साह

कार्यक्रम से पहले ही अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की भागीदारी बढ़ रही है। अब तक 72 देशों से विदेशी खरीदारों के पंजीकरण प्राप्त हो चुके हैं। एफआईईओ के होस्टेड बायर प्रोग्राम के माध्यम से वास्तविक खरीदारों, आयातकों, वितरकों, रिटेलर्स, सोर्सिंग एजेंट्स, प्रोक्योरमेंट प्रमुखों, व्यापार संघों और व्यावसायिक उद्यमों को आयोजन से जोड़ा जा रहा है। बीटूबी मैचमेकिंग, नेटवर्किंग और बिजनेस सेशंस के माध्यम से खरीदारों और प्रदर्शकों को सीधे कारोबारी संवाद का अवसर मिलेगा।

उत्तर प्रदेश की औद्योगिक और सांस्कृतिक विविधता की झलक

UPITS 2026 में उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, कृषि, हस्तशिल्प और सेवा क्षेत्र की विविधता दिखाई देगी। इसमें कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र, ऑटोमोबाइल, ईवी एवं ऑटो कंपोनेंट्स, एविएशन, रक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं ई-कॉमर्स, आईटी एवं स्मार्ट-सिटी सॉल्यूशंस, फिल्म एवं मनोरंजन, मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी, फूड प्रोसेसिंग एवं एफएमसीजी, बागवानी, हैंडलूम, हस्तशिल्प एवं टेक्सटाइल्स, स्वास्थ्य, वेलनेस, आयुष, फार्मास्यूटिकल्स एवं मेडिकल इक्विपमेंट, इन्फ्रास्ट्रक्चर, इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग एवं रियल एस्टेट, लेदर, पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी, स्पोर्ट्स, टॉयज, रिन्यूएबल एनर्जी, पावर, माइनिंग, लॉजिस्टिक्स एवं वेयरहाउसिंग, रिटेल, फाइनेंशियल सर्विसेज, शिक्षा एवं कौशल, पैकेजिंग एवं प्रिंटिंग तथा जल, स्वच्छता एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन जैसे क्षेत्र शामिल होंगे।

सरकारी योजनाओं और सेक्टोरल नीतियों का होगा प्रदर्शन

प्रदर्शनी में MSMEs विकास, उद्यमिता एवं कौशल विकास, क्लस्टर विकास, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, अंतरराष्ट्रीय सहयोग, प्रोक्योरमेंट एवं मार्केटिंग सहायता, रोजगार सृजन तथा ग्रामीण एवं शहरी विकास से जुड़ी सरकारी योजनाओं और नीतियों को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। औद्योगिक निवेश, निर्यात, टेक्सटाइल्स और गारमेंटिंग से संबंधित उत्तर प्रदेश की सेक्टोरल पॉलिसीज भी आयोजन का हिस्सा होंगी। 

'वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूज़ीन' से सजेगी पारंपरिक पाक कला

UPITS 2026 में उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक और पाक पहचान को भी विशेष स्थान दिया गया है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ पहल के साथ इस वर्ष ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूज़ीन’ को विशेष पहचान दी जाएगी। इसके माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जिलों की पारंपरिक पाक विधियों, स्थानीय व्यंजनों और खाद्य विरासत को देश और दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।

पांच दिनों तक चलेंगे बिजनेस और नॉलेज सेशंस

पांच दिवसीय आयोजन में बिजनेस एंगेजमेंट्स, नॉलेज सेशंस, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लाइव परफॉर्मेंस, अवॉर्ड्स, फैशन शो और लेजर शो सहित कई गतिविधियां होंगी। नॉलेज प्रोग्राम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल ट्रेड, फूड प्रोसेसिंग, MSMEs, ग्लोबल फ्री ट्रेड एग्रीमेंट्स और अन्य उभरते क्षेत्रों पर चर्चा होगी। इससे उद्योग जगत के लोगों को ज्ञान-विनिमय, संवाद और सहयोग के अवसर मिलेंगे।

व्यापार, संस्कृति और नवाचार का अनूठा संगम

इस तरह UPITS व्यापार और निवेश के साथ उत्तर प्रदेश की संस्कृति, खान-पान, नवाचार और उद्यमशीलता को भी वैश्विक मंच देगा। यहां प्रदेश की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता, MSMEs इकोसिस्टम, ओडीओपी एवं ओडीओसी उत्पाद, हस्तशिल्प, टेक्सटाइल्स, कृषि, खाद्य, पर्यटन, नवाचार और उभरते उद्योगों को देश-विदेश के खरीदारों, निवेशकों और कारोबारी समुदाय से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

पिछले संस्करणों की सफलता से मजबूत हुआ आधार

बता दें कि UPITS 2026 पिछले तीन संस्करणों की सफलता के आधार पर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटित 2025 संस्करण में कुल 5,07,099 आगंतुक पहुंचे थे, जिनमें 1,40,735 बीटूबी आगंतुक शामिल थे। 35,000 वर्ग मीटर से अधिक प्रदर्शनी क्षेत्र में 2,228 प्रदर्शकों ने भाग लिया था। एफआईईओ के माध्यम से 85 देशों के 550 से अधिक विदेशी खरीदारों की भागीदारी ने आयोजन के अंतरराष्ट्रीय स्वरूप को मजबूत किया।

1882 करोड़ के एमओयू ने बढ़ाया भरोसा

आधिकारिक UPITS प्लेटफॉर्म के अनुसार, 2025 संस्करण में ₹1,882 करोड़ मूल्य के 2,400 से अधिक एमओयू तथा ₹11,200 करोड़ से अधिक की बिजनेस इन्क्वायरी दर्ज की गई। इन उपलब्धियों के आधार पर चौथे संस्करण का दायरा और अंतरराष्ट्रीय पहुंच बढ़ाई जा रही है। 

डिजिटल मैचमेकिंग से आसान होगी कारोबारी बैठक

UPITS 2026 में डिजिटल सुविधाओं को भी मजबूत किया गया है। UPITS ऐप के माध्यम से खरीदार और प्रदर्शक कारोबारी अवसरों की पहचान कर सकेंगे तथा बीटूबी बैठकों को पहले से निर्धारित कर सकेंगे। डिजिटल मैचमेकिंग के माध्यम से प्रतिभागी आयोजन के दौरान होने वाली व्यावसायिक बैठकों की बेहतर योजना बना सकेंगे।

एक ट्रिलियन डॉलर लक्ष्य में व्यापार मेले की भूमिका

उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ाने में UPITS जैसे मंच महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। चौथा संस्करण व्यापार, निवेश, नवाचार, मैन्युफैक्चरिंग, निर्यात, संस्कृति और उपभोक्ता सहभागिता को एक मंच पर लाकर प्रदेश के उद्यमों को देश और दुनिया के बड़े बाजारों से जोड़ने का प्रयास करेगा।

कार्यक्रम विवरण

  • कार्यक्रम: उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026, चौथा संस्करण
  • थीम: “अल्टीमेट सोर्सिंग बिगिन्स हियर…”
  • तिथियां: 25 से 29 सितंबर 2026
  • स्थान: इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश
  • बिजनेस आवर्स: प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक
  • पब्लिक आवर्स: दोपहर 3:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक
  • आयोजक: उत्तर प्रदेश सरकार एवं इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (आईईएमएल)
  • पार्टनर देश: ऑस्ट्रिया, जापान, रूस, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम
  • अपेक्षित प्रदर्शक: 2,400 से अधिक
  • अपेक्षित ट्रेड विजिटर्स (बीटूबी): 1.5 लाख से अधिक
  • अपेक्षित सामान्य आगंतुक (बीटूसी): 4.5 लाख से अधिक

अधिक जानकारी के लिए

  • बिक्री संबंधी पूछताछ: अभिषेक शुक्ला, डीजीएम, स्पेशल प्रोजेक्ट्स, इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड, ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश। फोन: +91 74282 35690
  • मीडिया संबंधी पूछताछ: अपर्णा शर्मा, डिप्टी मैनेजर, मारकॉम, इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड, ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश। फोन: +91 9311706983

यह भी पढ़ें: UPPCS-2025: सफल अभ्यर्थियों के लिए लखनऊ में नि:शुल्क मॉक इंटरव्यू, इंटरव्यू तैयारी पर जोर

Related to this topic: