प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

जल संरक्षण अभियान का आगाज

डीडवाना-कुचामन में 10 दिवसीय ‘वंदे गंगा’ अभियान शुरू, जल संरक्षण का लिया संकल्प

गंगा दशहरा के अवसर पर पूरे प्रदेश के साथ डीडवाना-कुचामन जिले में भी 10 दिवसीय ‘वंदे गंगा’ जल संरक्षण जन अभियान-2026 का जिला स्तरीय शुभारंभ हुआ।

डीडवाना-कुचामन में 10 दिवसीय ‘वंदे गंगा’ अभियान शुरू जल संरक्षण का लिया संकल्प

Vande Ganga Campaign 2026 Launched in Didwana-Kuchaman |

डीडवाना-कुचामन (राजस्थान)। गंगा दशहरा के अवसर पर पूरे प्रदेश के साथ डीडवाना-कुचामन जिले में भी 10 दिवसीय जिला स्तरीय ‘वंदे गंगा’ जल संरक्षण जन अभियान-2026 का शुभारंभ हुआ। अभियान के तहत डीडवाना के पंडित बच्छराज व्यास विद्यालय से कचौलिया तालाब तक भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन ने भाग लिया।

अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने किया पौधारोपण

कलश यात्रा कचौलिया तालाब पहुंचने के बाद किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी, ऊर्जा विकास निगम के एमडी एवं अभियान प्रभारी आईएएस शिवप्रकाश नकाते, जिला कलक्टर अवधेश मीणा, पुलिस अधीक्षक ज्ञानचन्द्र यादव, भाजपा नेता जितेंद्र सिंह जोधा सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सरोवर पूजन, दीप प्रज्वलन, पीपल पूजन एवं पौधारोपण किया।

कलेक्टर ने दिलाई जल संरक्षण की शपथ

कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण को लेकर आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। अतिथियों ने जल स्रोतों के संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और जनभागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया। जिला कलेक्टर अवधेश मीणा ने उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई तथा जल स्रोतों की सफाई, सरोवरों एवं बांधों पर दीप प्रज्वलन और महापुरुषों की प्रतिमाओं की स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया।

गांव-गांव तक पहुंचेगा जल संरक्षण जागरूकता अभियान

किसान आयोग अध्यक्ष सीआर चौधरी ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं बल्कि जन आंदोलन बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए हर व्यक्ति को पानी बचाने और जल स्रोतों के संरक्षण की जिम्मेदारी निभानी होगी। अभियान प्रभारी आईएएस शिवप्रकाश नकाते ने कहा कि राज्य सरकार जल संरक्षण को लेकर गंभीर है और इस अभियान के माध्यम से गांव-गांव एवं शहर-शहर लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल है तो कल है और सभी की भागीदारी से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकेगा।

अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने का आह्वान

जिला कलक्टर अवधेश मीणा ने कहा कि जिले में जल स्रोतों की सफाई, पौधारोपण और जल बचाव गतिविधियों को व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा। उन्होंने आमजन से जल संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। भाजपा नेता जितेंद्र सिंह जोधा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में जल और प्रकृति पूजन की परंपरा रही है तथा इस तरह के अभियान समाज को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आमजन से अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

यह भी पढ़ें: ओबरा बेल मोड़ पर तेज रफ्तार बाइकों की भिड़ंत, दो युवक गंभीर रूप से घायल

Related to this topic: