प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

सब्जी विक्रेता की गोली मारकर हत्या

घर लौट रहे सब्जी विक्रेता की गोली मारकर हत्या, गांव में आक्रोश; पुरानी रंजिश के एंगल पर जांच

बिहार के औरंगाबाद जिले के हसपुरा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक सब्जी विक्रेता की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

घर लौट रहे सब्जी विक्रेता की गोली मारकर हत्या गांव में आक्रोश पुरानी रंजिश के एंगल पर जांच

Police Probe Old Rivalry in Vendor Killing |

औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले के हसपुरा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक सब्जी विक्रेता की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश का एंगल सामने आया है।

घर लौटते समय बरसाईं गोलियां

मृतक की पहचान बंगाली बिगहा निवासी 50 वर्षीय गोविंद महतो के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गोविंद महतो सब्जी बेचकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

हत्या के बाद गांव में आक्रोश

घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया। ग्रामीणों ने हत्या पर गहरा आक्रोश जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने भी हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार कर सख्त सजा दिलाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से इलाके में भय का माहौल बन रहा है।

पुरानी रंजिश की आशंका

हसपुरा पुलिस की प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, करीब पांच वर्ष पहले गोविंद महतो के पुत्र नीरज गांव के ही युगल मेहता की पुत्री के साथ चला गया था। लगभग एक वर्ष बाद पुलिस ने दोनों को बरामद कर लिया था, लेकिन कुछ समय बाद दोनों फिर घर छोड़कर चले गए और शादी कर ली। वर्तमान में दोनों का एक बच्चा भी है। बताया जा रहा है कि पिछले वर्ष नवंबर में दोनों वापस गांव लौटकर रहने लगे थे। पुलिस को आशंका है कि इसी प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विवाद के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया हो सकता है।

एफएसएल टीम जुटाएगी साक्ष्य

हालांकि, पुलिस ने अभी किसी की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच के दौरान सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। संभावित आरोपियों की पहचान कर उनके ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि दोषियों की पहचान होते ही उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

यह भी पढ़े: थाने में महिला फरियादी को थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल, महिला दारोगा पर लगे आरोप; जांच शुरू

Related to this topic: