तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर ने शनिवार को तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) के नेता सी. जोसेफ विजय को तमिलनाडु का नया मुख्यमंत्री नियुक्त किया है।
चेन्नई (तमिलनाडु)। अभिनेता से नेता बने थलपति विजय इतिहास रचते हुए तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं। राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर ने शनिवार को तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) के नेता सी. जोसेफ विजय को तमिलनाडु का नया मुख्यमंत्री नियुक्त किया है। अब नवनियुक्त मुख्यमंत्री विजय को 13 मई से पहले विधानसभा में अपना बहुमत साबित करना होगा। चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में कल 10 मई को सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा।
सहयोगी दलों के समर्थन से मजबूत हुआ आंकड़ा
अभिनेता से राजनेता बने विजय ने आज शनिवार को दिन में गवर्नर से मुलाक़ात की थी और उन्हें कांग्रेस, CPI, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), VCK और IUML के समर्थन पत्र सौंपे। TVK, जिसने अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतकर रिकॉर्ड बनाया था अब 234 सदस्यों वाली विधानसभा में 120 विधायकों का समर्थन हासिल कर चुकी है जबकि विधानसभा में बहुमत के लिए आंकड़ा 118 है। विजय ने विधानसभा चुनाव में दो सीटों से जीत हासिल की है। ऐसे में वे एक सीट से इस्तीफ़ा देंगे।
राज्यपाल को सौंपे गए समर्थन पत्र
सी. जोसेफ विजय ने आज लोक भवन में तमिलनाडु के राज्यपाल से मुलाक़ात की और उन्हें एक पत्र सौंपा। इसमें उन्होंने बताया कि उन्हें 'तमिलगा वेट्री कज़गम' विधायी दल का नेता चुना गया है। लोक भवन ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी), विदुथलाई चिरुथाइगल काची और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग से प्राप्त पत्र भी सौंपे हैं, जिनमें इन दलों ने उनके नेतृत्व में सरकार बनाने के लिए अपना समर्थन दिया है।
1967 के बाद राजनीति में बड़ा बदलाव
विज्ञप्ति के मुताबिक राज्यपाल ने विजय को तमिलनाडु का मुख्यमंत्री नियुक्त किया है और उन्हें मंत्रिमंडल बनाने के लिए आमंत्रित किया है। राज्यपाल ने नामित मुख्यमंत्री को निर्देश दिया है कि वे 13 मई, 2026 को या उससे पहले विधानसभा में विश्वास मत प्राप्त करें। शपथ ग्रहण समारोह 10 मई, 2026 को सुबह 10 बजे चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।" बता दें कि शपथ लेने के बाद, विजय 1967 के बाद से DMK और AIADMK गठबंधनों के बाहर से तमिलनाडु सरकार का नेतृत्व करने वाले पहले नेता बन जाएंगे। (ANI)
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/four-killed-in-car-lorry-collision-near-tumakuru/203228
कर्नाटक में भीषण सड़क हादसा, कार और लॉरी की टक्कर में चार लोगों की मौत