प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

सड़क नहीं, झोली में बीमार बच्चा ले गए

सड़क नहीं, झोली में बीमार बच्चे को ले गए ग्रामीण; रीवा का वीडियो वायरल

आजादी के 78 साल बाद भी ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की बदहाल तस्वीर सामने आ रही है।

सड़क नहीं झोली में बीमार बच्चे को ले गए ग्रामीण रीवा का वीडियो वायरल

Villagers Carry Sick Child in Sling, Video Viral |

रीवा {मध्य प्रदेश}: आजादी के 78 साल बाद भी ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की बदहाल तस्वीर सामने आ रही है। रीवा जिले के जवा जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत सुहावल खुर्द के गढ़वाई टोला से एक दिल झकझोर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कीचड़ और दलदल से भरी सड़क के कारण ग्रामीणों को 12 वर्षीय गंभीर रूप से बीमार बच्चे को कपड़े की झोली बनाकर कई किलोमीटर पैदल ले जाना पड़ा।

एम्बुलेंस नहीं पहुंची, झोली बनी सहारा

जानकारी के अनुसार, गढ़वाई टोला निवासी 12 वर्षीय बच्चा अचानक गंभीर रूप से बीमार हो गया था। उसे जवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया, लेकिन गांव तक पक्की सड़क न होने और लगातार बारिश से रास्ता दलदल में बदल जाने के कारण एम्बुलेंस वहां नहीं पहुंच सकी। मजबूरी में परिजनों और ग्रामीणों ने कपड़े की झोली बनाकर बच्चे को मुख्य सड़क तक पहुंचाया। इस दौरान स्थानीय आशा कार्यकर्ता भी उनके साथ पैदल चलती नजर आईं।

हर बारिश में कट जाता है गांव का संपर्क

ग्रामीणों का कहना है कि गढ़वाई टोला की कच्ची सड़क हर बरसात में दलदल बन जाती है। ऐसे में गांव का संपर्क मुख्य मार्ग से लगभग कट जाता है। आपातकाल की स्थिति में गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर मरीजों को भी खाट या झोली के सहारे ही मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है।

वर्षों से सड़क की मांग, नहीं मिला समाधान

ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बारिश के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं, जिससे लोगों को रोजमर्रा के कामों के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

जनप्रतिनिधियों और प्रशासन पर फूटा गुस्सा

घटना के बाद ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। उनका कहना है कि चुनाव के समय नेता गांव पहुंचकर बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही इस आदिवासी बस्ती की सुध लेने वाला कोई नहीं आता। ग्रामीणों ने जल्द सड़क निर्माण कर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।

यह भी पढ़े: जेपीएससी-JSSC विवाद: CM हेमंत सोरेन बोले- बातचीत के लिए तैयार, छात्रों ने बनाई 11 सदस्यीय टीम

Related to this topic: