Violent Clash Between Two Groups of Transgender Community Members in Jaunpur, One Injured |
जौनपुर (उत्तर प्रदेश)। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र में किन्नरों के दो गुटों के बीच बधाई लेने को लेकर हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, फिर मारपीट और उसके बाद जमकर पथराव शुरू हो गया। पथराव से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
एक किन्नर गंभीर रूप से घायल
इस दौरान एक किन्नर गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही शाहगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है और विवाद के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इलाके में बधाई लेने के अधिकार को लेकर दोनों गुटों के बीच विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
किन्नरों ने नग्न होकर किया प्रदर्शन
कोतवाली गेट के बाहर नग्न होकर किन्नरों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि पुलिस दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं कर रही है। वहीं आक्रोशित किन्नरों ने पुलिस कर्मियों के साथ धक्का मुक्की किया जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्रदर्शन के दौरान कुछ देर तक कोतवाली के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे किन्नरों को समझाने का प्रयास किया और मामले में निष्पक्ष जांच तथा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई।
यह भी पढ़ेंः मुंगेर के शिवकुंड में युवक ने लगाई फांसी