UP News : उत्तर प्रदेश में योगी कैबिनेट विस्तार में लाल बत्ती पाने वाले नये मंत्रियों का विभाग के लिए इंतजार लंबा...
UP News : उत्तर प्रदेश में योगी कैबिनेट विस्तार में लाल बत्ती पाने वाले नये मंत्रियों का विभाग के लिए इंतजार लंबा होता जा रहा है। यूपी में कैबिनेट विस्तार को एक हफ्ता बीत जाने के बाद भी अभी तक पोर्टफोलियो (विभागों) का बंटवारा नहीं हो सका है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार योगी मंत्रिमंडल में शामिल किए गए नये और पदोन्नति पाए मंत्रियों को विभाग के लिए अभी कुछ दिन और इंतजार करना पड़ सकता है।
यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने कैबिनेट विस्तार के बाद पिछले दिनों दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की थी। माना जा रहा है कि योगी कैबिनेट के नये मंत्रियों को विभाग आवंटन के साथ ही कुछ पुराने मंत्रियों के विभाग भी बदले जाने हैं। लेकिन समझा जाता है कि विभाग बंटवारे पर दिल्ली और लखनऊ के बीच आम राय नहीं बन पा रही है। सीएम योगी के दिल्ली से वापस लौटने के एक दिन बाद यूपी के अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री संजय प्रसाद ने दिल्ली जाकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की थी।
इस मुलाकात की फोटो भाजपा अध्यक्ष के ट्विटर हैंडल से पोस्ट की गयी थी। हालांकि बाद ये भाजपा ने ये ट्वीट हटा लिया था। भाजपा अध्यक्ष से यूपी के सीनियर आईएएस संजय प्रसाद की ये मुलाकात भी कैबिनेट पोर्टफोलियो के संदर्भ में हुई बतायी जा रही है। सीएम योगी की बृहस्पतिवार को गृह मंत्री शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात के बाद मंत्रियों के विभागों के बंटवारे की घोषणा होने की उम्मीद जताई जा रही थी।
सूत्रों का कहना है कि कुछ विभागों को लेकर अभी तक सहमति नहीं बन पाई है। ऐसे में इस मामले में नए सिरे से विमर्श होगा। ऐसे में अब इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ विचार विमर्श के बाद ही बीच का रास्ता निकल सकता है। इसे देखते हुए पीएम के स्वदेश वापसी तक नये मंत्रियों को विभाग आवंटन का इंतजार करना पड़ सकता है।
गृह मंत्री अमित शाह और सीएम योगी आदित्यनाथ की एक और मुलाकात सोमवार को रायपुर में मध्य क्षेत्रीय बैठक में होने की संभावना है। मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के सीएम के भी हिस्सा लेंगे। गृह मंत्री शाह रविवार से ही तीन दिन के लिए छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। प्रधानमंत्री भी 20 मई को विदेश दौरे से वापस लौटेंगे। ऐसे में अब 20 मई के बाद ही विभागों के बंटवारे का फार्मूला निकलेगा।
यूपी भाजपा संगठन विस्तार व निगम-बोर्ड का गठन में भी विलंब
यूपी में मंत्रियों के विभागों के बंटवारे को लेकर मची खींचतान के कारण राज्य में निगमों और बोर्डों में खाली पड़े पदों और भारतीय जनता पार्टी के नये प्रदेश अध्यक्ष की पदाधिकारियों की नियुक्ति में भी विलंब हो रहा है। पहले क्या लगाये जा रहे थे कि योगी कैबिनेट विस्तार के तुरंत बाद निगम और बोर्ड के खाली पदों को भरने का काम हो जाएगा। साथ ही प्रदेश भाजपा संगठन के नये पदाधिकारियों और मंडल अध्यक्षों के नामों का एलान हो जाएगा।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष और प्रदेश प्रभारी द्वारा व्यापक विमर्श के बाद इन नियुक्तियों के लिए नामो को अंतिम रूप दिया जा चुका है। बताया जाता है कि दर्जा प्राप्त मंत्रियों की भी सूची तैयार है, लेकिन मंत्रियों के विभागों के बंटवारे को लेकर हो रहे विलंब के कारण निगम-बोर्ड में खाली पदों को भरने और प्रदेश की नई टीम के एलान में भी विलंब हो रहा है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/india-rejected-the-indus-water-treaty-decision-saying-it-neither/205560