रामनगर थाना क्षेत्र के चौकाघाट रेलवे स्टेशन के पास रेलवे लाइन किनारे झाड़ियों में एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव करीब एक सप्ताह पुराना बताया जा रहा है।
बाराबंकी {उत्तर प्रदेश}: रामनगर थाना क्षेत्र के चौकाघाट रेलवे स्टेशन के पास रेलवे लाइन किनारे झाड़ियों में एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव करीब एक सप्ताह पुराना बताया जा रहा है जानकारी के अनुसार, घाघरा पुल से करीब एक किलोमीटर पहले दुर्गापुर मोड़ के पास रेलवे लाइन किनारे झाड़ियों में शव पड़ा था। काफी समय बीत जाने के कारण शव पूरी तरह सड़ चुका था और उसमें कीड़े पड़ गए थे, जिससे तेज दुर्गंध उठ रही थी।
रेलवे कर्मी की नजर पड़ने पर मिली सूचना
रेलवे विभाग में तैनात सब इंस्पेक्टर संजीव कुमार यादव की नजर झाड़ियों में पड़े शव पर पड़ी। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी चौकाघाट रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर अब्दुल्ला मंसूरी को दी। इसके बाद स्टेशन मास्टर ने रामनगर थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया, पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर पहुंचे सब इंस्पेक्टर वीरपाल सिंह ने बताया कि शव पहली नजर में करीब एक सप्ताह पुराना प्रतीत हो रहा है। शव पूरी तरह सड़ जाने के कारण मृतक की पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
हाथ में मिला कलावा
पुलिस के अनुसार, मृतक के पास से ऐसी कोई वस्तु नहीं मिली जिससे उसकी पहचान हो सके। प्रथम दृष्टया मृतक हिंदू समुदाय का प्रतीत हो रहा है, क्योंकि उसके हाथ में कलावा बंधा मिला है। पुलिस आसपास के गांवों और क्षेत्रों में जानकारी जुटाकर मृतक की शिनाख्त का प्रयास कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
मामले की जांच में सब इंस्पेक्टर वीरपाल सिंह के साथ आरक्षी सुजीत कुमार, अमित कुमार विश्वकर्मा, पुनीत कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी जुटे रहे। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
यह भी पढ़े: चंदौली में 'ऑपरेशन क्लीन' का बड़ा एक्शन, ढाई लाख की अवैध शराब नष्ट