फतेहपुर के औंग थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति पर हमले के मामले में उसकी पत्नी पर गंभीर आरोप लगे हैं।
फतेहपुर,(उत्तर प्रदेश)। जिले में पतियों पर हमलों की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं, मलवां थाना क्षेत्र में पत्नी द्वारा पति को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की घटना के बाद अब औंग थाना क्षेत्र से एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पत्नी पर अपने ही पति की हत्या की कोशिश का गंभीर आरोप लगा है।
घर में घुसते ही पत्नी ने डंडे से सिर पर किया हमला
जानकारी के अनुसार, औंग थाना क्षेत्र के परसदेपुर गांव निवासी संजीव तिवारी, जो हलवाई का काम करते हैं, काम से घर लौटे थे। आरोप है, कि घर में घुसते ही उनकी पत्नी रन्नो देवी ने डंडे से उनके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। परिजनों का आरोप है, कि इसके बाद उन्हें चारपाई से बांध दिया गया और बेरहमी से पीटा गया। इतना ही नहीं, उनके शरीर में बिजली का करंट लगाने का भी आरोप लगाया गया है।
जिला अस्पताल में इलाज जारी
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजनों ने जब कमरे का दरवाजा खोला तो संजीव तिवारी चारपाई से बंधे हुए तड़प रहे थे और उनके शरीर पर बिजली का तार लिपटा हुआ था। परिजनों ने तत्काल तार हटाकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पति पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का मामला
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है, कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है, कि इससे पहले 26 जून को मलवां थाना क्षेत्र के असवार तारापुर गांव में पत्नी द्वारा कथित रूप से पति पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का मामला सामने आया था, जिसमें पति की मौत हो गई थी। उस मामले में पुलिस ने 2 जुलाई को आरोपी पत्नी प्रीति देवी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
अफवाहों से बचने और आधिकारिक तथ्यों पर भरोसा करने की अपील
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने जिले में सनसनी फैला दी है और घरेलू हिंसा के बढ़ते मामलों को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने अपील की है, कि मामले की जांच पूरी होने तक अफवाहों से बचें और आधिकारिक तथ्यों पर ही भरोसा करें।
यह भी पढ़ेंः व्यायाम कैसे करता है मांसपेशियों की उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को उलट, अध्ययन में खुलासा